महिलाएं भी अब हर क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं, इसका उदाहरण सुबह 8:00 बजे अंतरराज्यीय बस अड्डा में देखने को मिला। पहली बार परिवहन निगम की बस में चालक और परिचालक के रूप में दो महिलाओं ने एक साथ ड्यूटी निभाई। चालक सीमा ठाकुर और परिचालक मीनू शर्मा की जोड़ी को देख बस में बैठी सवारियां भी आश्चर्य चकित रह गईं। चालक सीमा ठाकुर को हिमाचल की पहली महिला बस चालक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने डीएवी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा के बाद शिमला के कोटशेरा कॉलेज से बीए किया और उसके बाद अंग्रेजी में एमए की डिग्री हासिल की। साल 2016 में शिमला लोकल यूनिट में बतौर चालक अपनी सेवाएं शुरू की हैं। इन दिनों सीमा परिवहन निगम के मंडी बस डिपो में चालक के रूप में कार्यरत है। सोलन स्थित अर्की तहसील के दुधाना गांव की रहने वाली सीमा ठाकुर के पिता भी बस चालक रहे हैं।