फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्राकृतिक खेती से 27 फीसदी बढ़ी हिमाचल के किसानों की आय

Tue, 20 Apr 2021 05:00 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना से हिमाचल प्रदेश के किसानों की आय में 27 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। योजना में बताई गई विधि को अपनाने से कृषि लागत में 56 फीसदी की कमी भी दर्ज हुई है। सोमवार को राज्य सचिवालय में हुई योजना की चौथी टास्क फोर्स बैठक में यह खुलासा हुआ है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सेब बागवानी में भी इस विधि से आकस्मिक पतझड़ और स्कैब रोग के प्रकोप में कमी आई है।

विज्ञापन


मुख्य सचिव अनिल खाची की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना की मौजूदा स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर चर्चा हुई। खाची ने योजना की अभी तक की प्रगति पर संतोष जताया और अधिकारियों को प्राकृतिक खेती के विस्तार के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों के उत्पादों के विपणन और प्रमाणीकरण का काम जल्द पूरा करने के आदेश भी दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव कृषि निशा सिंह ने बताया कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती तेजी से आगे बढ़ रही है।

अभी तक प्रदेश की 3,026 पंचायतों में 1,20,882 से ज्यादा किसानों-बागवानों ने इस विधि को अपना लिया है। विशेष सचिव कृषि एवं प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के राज्य परियोजना निदेशक राकेश कंवर ने बताया कि पिछले वर्ष कोविड-19 महामारी की बंदिशों के बावजूद 59 हजार से ज्यादा किसान इस विधि से जुड़े हैं। बैठक में कार्यकारी निदेशक प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने योजना को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। वित्त वर्ष 2021-22 के लिए बनाई गई कार्ययोजना को भी मुख्य सचिव ने मंजूरी दी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें