पहले कांग्रेस और बाद में भाजपा का हाथ थामकर जोगिंद्रनगर में सात मर्तबा विजय पताका फहराने वाले वाले पूर्व मंत्री एवं विधायक गुलाब सिंह ठाकुर को 2017 के विधानसभा चुनावों में आजाद प्रत्याशी एनआरआई प्रकाश राणा से हार मिली है।
वहीं, गुलाब सिंह ठाकुर के समधी नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को सुजानपुर से राजेंद्र राणा के सामने हार का सामना करना पड़ा है। जबकि, कांग्रेस को तीसरे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा है। शुरुआती रुझान कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ रहे। पहले दो राउंड में ही आजाद प्रत्याशी ने बढ़त बना ली जो देरशाम परिणाम के अंतिम लम्हों तक जारी रही।
जैसे-जैसे नतीजे आते गए वैसे कांग्रेस भाजपा के खेेमे में खामोशी छा गई। जबकि, प्रकाश राणा के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। प्रकाश राणा का दुबई में कारोबार है। वह जोगिंद्रनगर हलके के निवासी हैं। पहले वह भाजपा से टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन टिकट न मिलने के कारण वह बतौर आजाद उम्मीदवार मैदान में उतरे। दुबई से चौपर में बाकायदा मंडी पहुंचकर सियासी जमीन काफी पहले से बनाते रहे।