निर्वाचन विभाग ने प्रदेश में मतदाता जागरूकता के लिए शुरू किए गए व्यापक कार्यक्रम उत्सव के माध्यम से कई प्रकार के आयोजन करवाए। इसमें मतदाता शपथ, चुनाव जागरूकता रैलियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख रहे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने शुक्रवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर लोगों को मतदान की शपथ दिलाई। लोगों को जागरूक करने और उनकी मतदान में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में अनूठी पहल के तहत मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गर्ग ने लोगों से आह्वान किया कि वे 12 नवंबर को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लें।
सभी सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई। निर्वाचन विभाग की रैली में नेहरू युवा केंद्र, लक्कड़ बाजार, लालपानी, पोर्टमोर स्कूल और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के लगभग 300 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया। रिज से शुरू हुई रैली छोटा शिमला से होकर वापस रिज मैदान पर पहुंची। रैली लोकतंत्र की मजबूती के लिए लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से निकाली गई थी। रिज मैदान और छोटा शिमला में स्वयंसेवकों एवं सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग कार्यक्रमों से लोगों को लोकतंत्र के इस महा पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।