कयाकिंग कर दिया मतदान का संदेश।
- फोटो : संवाद
विधानसभा चुनाव में लोगों की शत प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन विभाग की ओर से शुक्रवार को अनूठा प्रयास किया गया। ब्यास की लहरों पर कयाकिंग करवाई गई। पिरडी से बजौरा तक 15 किलोमीटर में कयाकिंग करवाई गई। जिसके माध्यम से लोगों को विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश दिया गया।
कयाकिंग इवेंट में शामिल सभी प्रतिभागियों ने वोट करेगा कुल्लू सारा, याद रखो नवंबर 12 का नारा लगाते हुए मौहल, भुंतर और शाढ़ाबाई सहित ब्यास नदी किनारे बजौरा तक बसे ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया। पिछले दिनों भी पीज से ढालपुर तक पहली बार पैराग्लाइडिंग के माध्यम से भी लोगों से वोट करने की अपील की गई थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कि कुल्लू जिले का मतदान प्रतिशत अन्य जिलों से हमेशा बेहतर रहता है। मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए कयाकिंग करवाई गई। शनिवार को होने वाले लोकतंत्र के महापर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग कर इसे सफल बनाएं। सहायक आयुक्त शशिपाल नेगी ने विभिन्न गतिविधियों के बारे में बताया।
कयाकिंग में भाग लेने वाले गिमनार, हेमराज, गणेश गुरंग, आशीष पांडे, चांद किरण, विनोद, गोपाल नेगी, हीना ठाकुर, अनामिका, अक्षित कुमार, लवेश नेगी, तनुज को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार से देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना शर्मा, अविनाश नेगी मौजूद रहे।