तीन दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त
- फोटो : अमर उजाला
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडे के नेतृत्व में चुनाव आयोग की एक उच्च स्तरीय टीम गुरुवार को शिमला पहुंच गई है। आठ सदस्यीय यह टीम प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए तीन दिवसीय शिमला दौरे पर है। शिमला पहुंचने से पहले चुनाव आयोग की टीम ने सोलन जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर स्थित मतदान केंद्र का दौरा कर चुनाव आयोग के प्रांगण का उद्घाटन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को शॉल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। साथ ही उनसे बातचीत भी की। टीम ने नए मतदाताओं से भी बातचीत की और उन्हें मतदाता पहचान पत्र और शपथ पत्र वाली एक किट प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने वरिष्ठ मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूर्ण रूप से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहायता प्रदान कर रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने हिमाचल वासियों से बढ़-चढ़ कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। उन्होंने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर में वरिष्ठ नागरिक मतदाता राज रानी शांति, ट्रांसजेंडर मतदाता प्रिया महंत, दिव्यांग मतदाता सीता राम, मीना देवी और नए मतदाता वैशाली, अंशीका कालरा, सोहम सिंह तथा दिव्या को सम्मानित किया। हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने धर्मपुर में चुनाव आयोग की टीम का स्वागत किया। इससे पहले सोलन की उपायुक्त कृतिका कुल्हरी, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर टीम का स्वागत किया।
चुनाव को लेकर शुक्रवार को होगी अहम बैठक, होगा प्लान तैयार
सीईसी राजीव कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चुनाव को लेकर शुक्रवार को एक अहम बैठक होगी। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्लान तैयार किया जाएगा। उसके बाद शनिवार को इसका पूरा ब्योरा मीडिया के जरिये बता दिया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि धर्मपुर के सरकारी स्कूल में आकर उनकी पुरानी यादें ताजा हो गई क्योंकि मै भी इसकी तरह के स्कूल में पढ़ा हूं। मुझे यहां पर आकर काफी अच्छा महसूस हुआ। कहा कि हिमाचल में आना अपने आप में एक सुखद अनुभूमि रहती है। हिमाचल में एंट्री करते ही ऐसा लगता है कि आप ऐसे स्थान पर आ गए हैं जो प्रकृति से घिरा हुआ है।