जानकारी के मुताबिक मृतक शिक्षक था और उसके दो बच्चे भी हैं। अभी करीब 15 दिन पहले उसके घर में दूसरी बेटी हुई है। बताया जा रहा है शिक्षक की पत्नी भी अध्यापिका है।
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के एक विवाहित प्रेमी जोड़े ने होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली है। कमरे से पुलिस को सल्फास का पैकेट और शराब की खाली बोतल मिली है। दो सुसाइड नोट भी मिले हैं। मृतक पेशे से अध्यापक था जबकि महिला गृहिणी थी। अध्यापक ने अपने सुसाइड नोट में मौत का जिम्मेदार खुद को ठहराया है जबकि महिला ने कई लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। धर्मशाला पहुंची शिक्षक की मां ने महिला के पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप जड़ा है कि महिला के पति ने कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी सोशल मीडिया पर की थी, जिसके चलते उनके बेटे ने आत्महत्या की है। एसपी कांगड़ा डॉ. खुशाल चंद शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक की माता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सुसाइड नोटों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार बुधवार रात सूचना मिली कि कैंट रोड में एक होटल में ठहरा जोड़ा फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा भीतर से बंद था। पुलिस ने होटल का कमरा खुलवाया तो दोनों की मौत हो चुकी थी।