फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल दिवस: किन्नौर की महिलाओं को 1500-1500 रुपये दे सकते हैं मुख्यमंत्री, कर्मचारियों को भी राहत की उम्मीद

Mon, 13 Apr 2026 07:44 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला/मंडी।

सार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 15 अप्रैल को जिला किन्नौर की पात्र महिलाओं को 1500-1500 रुपये दे सकते हैं। वहीं कर्मचारियों को भी राहत की उम्मीद है। 
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 15 अप्रैल को जिला किन्नौर की पात्र महिलाओं को 1500-1500 रुपये दे सकते हैं। महिलाओं के लिए प्रदेश सरकार की ओर से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1500-1500 रुपये दिए जाने की शुरुआत तीन साल पहले की थी। वर्ष 2023 में लाहौल-स्पीति जिला के काजा में महिलाओं को योजना के तहत 1500 रुपये देकर आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने की पहल हुई थी। 2024 में चुनाव आचार संहिता के चलते राज्यपाल की अध्यक्षता में शिमला में समारोह हुआ था। वर्ष 2025 में पांगी घाटी में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने महिलाओं को 1500-1500 रुपये के चेक भेंट किए थे। ऐसे में संभावित है कि किन्नौर में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में मुख्यमंत्री जिला की महिलाओं को 1500-1500 की धनराशि के चेक भेंट करेंगे। उधर, सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सचिवालय में आवश्यक फाइलें निपटाईं। हिमाचल दिवस से पहले मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव संजय गुप्ता सहित उच्च अधिकारियों के साथ भी बैठक की। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में हिमाचल दिवस समारोह के दौरान होने वाली घोषणाओंं को लेकर चर्चा हुई। पर्यटन को जिला किन्नौर में बढ़ावा देने के लिए किन योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा सकता है, इसको लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ मंथन किया। मुख्यमंत्री मंगलवार दोपहर बाद शिमला से किन्नौर के लिए रवाना होंगे।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

हिमाचल दिवस पर कर्मचारियों को राहत की उम्मीद
15 अप्रैल को हिमाचल दिवस के मौके पर प्रदेश के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ ने सरकार से लंबे समय से लंबित 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) और नए वेतनमान के एरियर को जारी करने की मांग की है। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के निर्माण और विकास में कर्मचारियों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पहले हिमाचल दिवस के अवसर पर कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणाएं की जाती थीं, जिससे कर्मचारी वर्ग में उत्साह का माहौल रहता था, लेकिन पिछले सात-आठ वर्षों से इस परंपरा में कमी आई है। महासंघ के अनुसार वर्तमान में कर्मचारी वर्ग आर्थिक दबाव से गुजर रहा है। 13 प्रतिशत डीए और वेतनमान एरियर का भुगतान लंबित रहने से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार हिमाचल दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सरकार कर्मचारियों के हित में फैसला लेते हुए डीए और एरियर जारी करने की घोषणा करेगी। महासंघ ने कहा कि यदि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेती है तो इससे लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी और प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें