हिमाचल प्रदेश में दो और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। शुक्रवार को कुल्लू के बजौरा की 48 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला ने दम तोड़ दिया। आईजीएमसी शिमला में भी कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अस्पताल के कोरोना संदिग्ध वार्ड में शुक्रवार को नाहन से रेफर एक मरीज की मौत हो गई। मौत के बाद उसका कोरोना की जांच के लिए टेस्ट लिया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. शोमिन धीमान ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 190 नए मामले आए हैं। मंडी जिले में 33, शिमला 35, हमीरपुर 21, ,कुल्लू 34, सोलन 17, कांगड़ा 14, सिरमौर 16, किन्नौर 8 ,चंबा 7, ऊना 3, बिलासपुर 2, और लाहौल-स्पीति 1 पॉजिटिव मामला आया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 20040 पहुंच गया है। 2620 सक्रिय मामले हैं। 17113 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 280 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। राजधानी शिमला के सरकारी स्कूलों में कोरोना के मामले आने से हड़कंप मचा हुआ है। अब तक तीन शिक्षक कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं, कुछ दिन पहले संजौली स्कूल का एक शिक्षक संक्रमित निकला था। वहीं शुक्रवार को राजकीय उच्च विद्यालय अन्नाडेल की एक अध्यापिका कोरोना पॉजिटिव आई है।
इसी स्कूल की एक अन्य अध्यापिका की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई थी। डीसी आदित्य नेगी ने एसडीएम शहरी मंजीत शर्मा को जांच के आदेश दिए हैं। एसडीएम शहरी के आदेशों पर शुक्रवार को स्कूल को सैनिटाइज करवाया गया। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि कोरोना पाजिटिव आई शिक्षिकाओं के संपर्क में जो भी कर्मचारी आए हैं वह खुद को आइसोलेट कर लें। जिला प्रशासन ने सीएमओ शिमला को इन शिक्षिकाओं के संपर्क में आए लोगों को तलाशने को कहा है। स्कूल में आजकल बच्चे नहीं आ रहे, सिर्फ कर्मचारी ही आ रहे हैं।
कोरोना पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य केंद्र बंद
वहीं, हमीरपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोटा और भरेड़ी में चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने के कारण दोनों अस्पतालों को 48 घंटों के लिए बंद कर दिया गया है। भोटा पीएचसी में भर्ती दो महिला मरीज शुक्रवार को कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मरीजों के संक्रमित पाए जाने से अस्पताल आए अन्य मरीजों व स्टाफ में हड़कंप हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने पीएचसी में आपतकालीन और इंडोर सेवाएं 48 घंटों के लिए बंद कर दी हैं। क्षेत्र के मरीजों को अब स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का ही रुख करना होगा।
आईजीएमसी से विधानसभा अध्यक्ष को मिली छुट्टी
विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार को आईजीएमसी से बुधवार शाम को घर भेज दिया गया है। उनके स्वास्थ्य में सुधार के बाद डॉक्टरो ने यह फैसला लिया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनके ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आई है। हालांकि अभी उनका दोबारा से कोविड परीक्षण नहीं किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि अभी टेस्ट लेने की समयावधि पूरी नहीं हुई है। आईजीएमसी के कॉलेज प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने बताया कि विस अध्यक्ष के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई है।