हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। इसमें बिलासपुर जिले की 89 वर्षीय बुजुर्ग महिला, जिला मंडी के 64 वर्षीय पुरुष और जिला शिमला की 21 वर्षीय संक्रमित युवती ने दम तोड़ा है। उधर, प्रदेश में कोरोना के 202 नए मामले आए हैं। प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3582 पहुंच गया है। वहीं, अब तक कोरोना के 213548 मामले आ चुके हैं। इनमें से 208305 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले घटकर 1642 रह गए हैं। इसमें से मंडी में 366, कांगड़ा 273, चंबा 154, शिमला 238, हमीरपुर 218, कुल्लू 87, बिलासपुर 108, सोलन 65, लाहौल-स्पीति 37, किन्नौर 28, ऊना 52 और सिरमौर में 16 मामले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 205 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना की जांच के लिए 9586 लोगों के सैंपल लिए गए।
पहचान पत्र के बिना भी मजदूरों को भी लगेगी वैक्सीन
वहीं, लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने लाहौल घाटी के विभिन्न स्थानों पर कोविड वैक्सीनेशन का शेड्यूल जारी कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन बंधु ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल के केलांग में भी बिना पहचान पत्र के मजदूरों के अलावा 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को पहली और दूसरी डोज लगाई जाएगी। विशेष अभियान के तहत बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोंदला में बिना पहचान वाले मजदूरों के अलावा 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को पहली और दूसरी डोज दी जाएगी।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा भी शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे प्रदेश में कोरोना संक्रमण को रोकने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की है। राज्य सरकार के नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक अब विशेष अभियान चलाकर प्रवासी मजदूरों के अलावा अन्य छूटे व्यक्तियों की वैक्सीनेशन में और तेजी लाई जाए। डीसी ने कहा कि जिन ठेकेदारों या उद्यमियों के यहां कोई भी मजदूर कार्य कर रहे हैं, उनको टीका लगवाना ठेकेदारों और उद्यमियों जिम्मेदारी होगी। निर्देशों की अनुपालना न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।