हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को 52 दिनों बाद एक दिन में सबसे कम 15 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हुई है। इससे पहले 21 अप्रैल को प्रदेश में 16 संक्रमितों की मौत हुई थी। इसके बाद मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता गया। मंगलवार को चंबा जिले में चार, कांगड़ा तीन, शिमला तीन, हमीरपुर तीन और सोलन में भी दो संक्रमितों ने दम तोड़ा।
उधर, प्रदेश में 567 नए कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें से कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा 149, मंडी 105, चंबा 53, कुल्लू 51, ऊना 47, सोलन 37, शिमला 34, हमीरपुर 38, बिलासपुर 19, सिरमौर 17, लाहौल-स्पीति 11 और किन्नौर में छह नए मामले आए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 1155 लोगों ने कोरोना को मात दी।
अब प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 196351 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 186033 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले घटकर 6983 रह गए हैं। प्रदेश में अब तक 3312 संक्रमितों की मौत हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना की जांच के लिए 21621 लोगों के सैंपल लिए गए। प्रदेश के 11 जिलों में सक्रिय मामले एक हजार से नीचे हैं। कांगड़ा ही अब एक हजार से अधिक सक्रिय केस है।
किस जिले में कितने सक्रिय मामले
कांगड़ा 1595
शिमला 769
सोलन 534
मंडी 947
चंबा 721
सिरमौर 431
ऊना 565
बिलासपुर 196
हमीरपुर 576
कुल्लू 360
किन्नौर 203
लाहौल-स्पीति 86
सात दिन के कोरोना संक्रमित नवजात को मिला नया जीवन
वहीं, जोगिंद्रनगर सिविल अस्पताल में सात दिन के कोरोना संक्रमित नवजात को नया जीवन मिला है। पांच दिन तक शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन की निगरानी में शिशु ने कोरोना को हराया है। दंपती ने इसके लिए चिकित्सक समेत अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों को सराहा है। दरअसल उपमंडल के नेरी गांव के सात दिन के बच्चे में कोविड के लक्षण देखकर परिजन ही नहीं बल्कि अस्पताल के चिकित्सक भी हैरान थे। संक्रमित नवजात को कोविड प्रोटोकोल के तहत उपचार दिलाना चुनौती लग रहा था, लेकिन डॉ. नवीन ने हिम्मत नहीं हारी। अपनी निगरानी में पांच दिन लगातार उपचार दिलाकर उसे नया जीवनदान दिया है। हालांकि नवजात की मां भी कुछ समय पहले पॉजिटिव आई थी और वह भी कोविड वार्ड में बच्चे के साथ रही। नवजात के पिता टैक्सी चलाकर परिवार की आजीविका कमा रहे हैं। बच्चा स्वस्थ हो चुका है, जिसे बुधवार को अस्पताल से छुट्टी भी दी जाएगी। जब नवजात को अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया तो उसको 103 डिग्री बुखार था।