प्रदेश कांग्रेस की जयराम ठाकुर सरकार खिलाफ तैयार हो रही चार्जशीट में आम जनता से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठेंगे। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बैक डोर से कायदे कानूनों की धज्जियां उड़ाकर की जा रही भर्तियों के मामले को कांग्रेेस अपनी चार्जशीट में जोरदार तरीके से उठाने के मूड में है।
पार्टी सूत्रों से मालूम हुआ है कि प्रदेश में गंभीर हो रही नशे की समस्या से निपटने में सरकार की विफलता को लेकर भी भाजपा सरकार को कांग्रेेस निशाने पर रखेगी। कांग्रेस चार्जशीट में मांग करेगी कि हिमाचल की युवा पीढ़ी को नशे से बाहर निकालने के लिए कारगर कदम उठाने में विफल रही है।
कांग्रेस की चार्जशीट में भाजपा नेताओं के खिलाफ केस वापस लेने का मुद्दा भी प्रमुखता से शामिल रहेगा। भाजपा नेताओं के खिलाफ आरोप तय होने थे लेकिन सरकार भाजपा नेताओं के खिलाफ केस वापस ले रही है।
इसे भी कांग्रेेस गंभीर मुद्दा मानती है और इसे भी भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा राज्य में अवैध निर्माण पर नकेल न कसने में सरकार की विफलता और कसौली कांड जैसे गंभीर मसलों को भी कांग्रेस चार्जशीट के माध्यम से उठाएंगे। इसके अतिरिक्त राज्य में कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार सहित कई अन्य मसले चार्जशीट में रहेंगे।