लोकतंत्र, संविधान को खत्म करने की साजिश रच रही भाजपा : रजनी
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने आरोप लगाया है कि भाजपा देश में लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की साजिश रच रही है। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शिमला में कांग्रेस की ओर से निकाले गए संविधान रक्षा मार्च के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पाटिल ने भाजपा पर विधायक चोरी, सरकार चोरी और चंदा चोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि अब सत्ता पर काबिज रहने के लिए महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन को हथियार बनाया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी हाल में सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि शिमला वह ऐतिहासिक भूमि है, जहां महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का मुकदमा चला था। गांधी के हत्यारे की विचारधारा वाले लोग संविधान के रक्षक नहीं हो सकते। यदि वे संविधान की रक्षा नहीं कर सकते, तो उन्हें सत्ता छोड़ देनी चाहिए।
अग्निहोत्री बोले- हम एकजुट थे, इसलिए बच गई सरकार
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में चंदा चोरी, वोट चोरी, विधायक चोरी, परीक्षा चोरी और सरकार चोरी के विरोध में कांग्रेस यह मार्च निकाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में ऑपरेशन लोटस के जरिये विधायकों की खरीद-फरोख्त कर चुनी हुई सरकार को गिराने की पूरी तैयारी थी, लेकिन कांग्रेस विधायकों की एकजुटता के कारण सरकार बच गई।