हमीरपुर जिला परिषद के चबूतरा वार्ड से निवर्तमान भाजपा समर्थित पार्षद बीना कपिल इस बार अणु (सराहकड़) वार्ड से चुनाव लड़ेंगी। पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा ने जिला परिषद के सभी वार्डों से पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय वीर कमल में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष ने आधिकारिक रूप से पार्टी समर्थित प्रत्याशियों का एलान किया। उनके साथ जिला भाजपा प्रवक्ता अंकुश दत्त शर्मा, महामंत्री हरीश शर्मा, कार्यालय सचिव गजनराम शर्मा, आईटी संयोजक जग सिंह, प्रवक्ता आदर्शकांत और आशीष शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
बलदेव शर्मा ने पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वह पार्टी की ओर से समर्थित प्रत्याशियों की जीत के लिए फील्ड में उतरकर मेहनत करें। पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले या साजिश रचने वाले लोगों की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी और भाजपा कोर कमेटी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी। भाजपा ने जिला परिषद के सभी 18 वार्डों से अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। जबकि, कांग्रेस के अभी तक 12 प्रत्याशियों का ही एलान हो पाया है। छह प्रत्याशियों का चयन लटका हुआ है।
ये हैं जिला परिषद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी
वार्ड नंबर एक बगेहड़ा से कैप्टन रणजीत सिंह ठाकुर, वार्ड नंबर दो करोट से पूनम डोगरा, वार्ड तीन दरोगण पति कोट से बबली देवी, धलोट से मदन लाल, जंगल रोपा से मोहिंद्र कुमार, अणु से वीना कपिल, धीरड़ से अभयवीर सिंह लवली, जाहू से दीपा शर्मा, खरवाड़ से रमन वर्मा, भोरंज से मनु बाला, करेर से राजेश कुमार मांगा, बिझड़ी से विजय कुमारी, बड़सर से वीना शर्मा, दांदडू से संजीव कुमार संजू, लहड़ा से बिहारी लाल शर्मा, मालंग से बलवीर चौधरी, नौहंगी से सुरेंद्र सिंह बबली और बेला वार्ड से इंदु बाला को भाजपा प्रत्याशी घोषित किया है।
विकास खंड बिझड़ी के जिला परिषद दांदड़ू वार्ड पर सभी पार्टियों ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। भाजपा तथा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मैदान में उतरने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने इस वार्ड के लिए तुलसीराम को मौका दिया है। पिछले जिला परिषद चुनाव में तुलसीराम ने कांग्रेस पार्टी को कड़ी टक्कर दी थी और दूसरे नंबर पर रहे थे। जबकि, भाजपा तो तीसरे नंबर पर खिसक गई थी। आम आदमी पार्टी के कोषाध्यक्ष मोतीराम निरंकारी ने बताया कि तुलसीराम को इस सीट पर जिला परिषद चुनाव का मौका दिया है। तुलसीराम ने बताया कि जिला परिषद की इस सीट पर मतदाताओं का उन्हें काफी स्नेह मिल रहा है। भाजपा ने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के संजीव शर्मा को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस पार्टी ने इस बार कमल बन्याल को मैदान में उतारकर टक्कर दी है। देखना दिलचस्प होगा कि तीनों में से कौन सीट को पक्का करता है।
वहीं, सोलन में भी भाजपा व कांग्रेस ने जिला परिषद और नगर परिषदों के लिए अपने-अपने समर्थित प्रत्याशी घोषित दिए हैं। हालांकि कांग्रेस का एक वर्ग सूची घोषित करने के पक्ष में नहीं था। उनका तर्क था कि इससे अन्य प्रत्याशी नाराज हो सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की सूचियों में कई नाम नए हैं तो कई नाम ऐसे हैं जिनकी अदला-बदली हुई है।