अनुराग ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की भेंट
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से दिल्ली में भेंट कर हिमाचल में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों के निर्माण की मांग रखी। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि अच्छी सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास का आधार होती हैं। प्रधानमंत्री का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना विकसित भारत का लक्ष्य अधूरा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि सड़क सिर्फ आवाजाही का रास्ता नहीं, बल्कि समृद्धि का मार्ग है और इसी के दृष्टिगत केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2024-25 से 2028-29 की अवधि के लिए पीएमजीएसवाई-चार को मंजूरी दे दी है। इसका उद्देश्य 62,500 किलोमीटर नई सर्व-मौसम सड़कों का निर्माण करके ग्रामीण संपर्क को बढ़ाना है।इसके लिए कुल 70,125 करोड़ रुपये का वित्तीय व्यय किया जाएगा। 2011 की जनसंख्या के मानदंडों के आधार पर 25 हजार ऐसी ग्रामीण बस्तियों को प्रत्येक मौसम में सड़क संपर्क प्रदान करना है, जो अभी तक सड़क संपर्क से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ हिमाचल को भी मिलना चाहिए।