केंद्रीय विश्वविद्यालय ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ाए जा रहे 25 विषयों के पाठ्यक्रम को परीक्षार्थी कहीं भी बैठ कर पढ़ सकेंगे।
इसके लिए सीयू अपने पाठ्यक्रम को वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करेगा। इससे न केवल सीयू में पढ़ाए जाने वाले पाठ्यक्रम की जानकारी देश-विदेश में आसानी से मिल जाएगी।
बल्कि सीयू के माध्यम से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी भी कहीं भी बैठ कर ऑनलाइन पाठ्यक्रम के माध्यम से पढ़ाई कर पाएंगे। सीयू प्रशासन ने पाठ्यक्रम को ऑनलाइन करने के लिए संबंधित विषयों के प्राध्यापकों से सामग्री तैयार करने के आदेश दिए हैं।
यह सामग्री एकत्रित होते ही इसे सीयू की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। यह पूरा काम मुक्त शैक्षणिक संसाधन सामग्री के तहत किया जाएगा। मानव विकास मंत्रालय ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए देश भर के विश्वविद्यालयों को पाठ्यक्रम को ऑनलाइन करने के आदेश दिए हैं।
इसके तहत सीयू ने भी काम शुरू कर दिया है। इसके पहले चरण में 25 विषयों के पाठ्यक्रम को ऑनलाइन किया जा रहा है। अगले चरण में अन्य विषयों के पाठ्यक्रम को भी ऑनलाइन किया जाएगा।