हिमाचल मंत्रिमंडल की सोमवार को हुई बैठक में सिर्फ मुख्य एजेंडे पर चर्चा होने के बाद फैसले लिए गए। अनुपूरक एजेंडे अगली मंत्रिमंडल बैठक के लिए टाल दिए गए। सूत्रों के अनुसार दिन भर बैठकों के चलने से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर थक गए। उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी तो उन्होंने कैबिनेट बैठक स्थगित कर दी। अब अनुपूरक एजेंडे 24 फरवरी को संभावित मंत्रिमंडल की बैठक में लाए जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक अनुपूरक एजेंडे लगभग 57 थे। इसमें निजी स्कूलों के लिए बसें चलाने, लोगों के लिए नक्शा पास करने के लिए पहले लिए जाने वाले एनओसी की शर्त खत्म करने आदि के मुद्दे टाल दिए गए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंत्री और अधिकारी पहले योजना बोर्ड की बैठक में उपस्थित रहे। ढाई बजे के बाद मंत्री और अधिकारी अपने कमरे में आए। उसके बाद तीन बजे कैबिनेट की बैठक शुरू हुई। दिन भर थकान के चलते सिर्फ मुख्य एजेंडे पर ही चर्चा की गई।