फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल कैबिनेट के फैसले: चार जिलों में नाइट कर्फ्यू रहेगा जारी, पंचायत चुनाव के लिए सरकार तैयार

Mon, 14 Dec 2020 08:48 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
हिमाचल कैबिनेट बैठक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल के चार जिलों शिमला, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में रात्रि कर्फ्यू पांच जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। मंत्रियों, विधायकों की ओर से किए जाने वाले उद्घाटन, शिलान्यास और सभाओं के वास्तविक समारोहों पर लगाई बंदिश भी हटा दी है। हालांकि, शादी-विवाह की तरह इन कार्यक्रमों में भी सिर्फ 50 लोग ही मौजूद रहेंगे। इसके अलावा चंबा, सोलन और मंडी के करीब 100 गांव टीसीपी के दायरे से बाहर किए जाएंगे। ये सब फैसले हिमाचल कैबिनेट ने सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई बैठक में लिए। कैबिनेट ने फैसला लिया कि सरकार पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर करवाने को तैयार है। कैबिनेट में चर्चा हुई कि पंचायत चुनाव पर राज्य चुनाव आयोग की एक चिट्ठी आई है।

विज्ञापन


इसमें पूछा गया कि पंचायत चुनाव करवाए जाएं या नहीं। इस पर कैबिनेट ने यह जवाब आयोग को देने का निर्णय लिया कि सरकार चुनाव करवाने के लिए तैयार है। कैबिनेट ने यह भी निर्णय लिया कि प्रदेश के सरकारी कार्यालयों में पांच जनवरी तक पहले की तरह ही पांच दिन का कार्यदिवस होगा। शनिवार को वर्क फ्रॉम होम यथावत रहेगा। कैबिनेट बैठक में हिमाचल प्रदेश संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2020 के तहत हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक के आठ पद सीधी भर्ती से भरने को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में कोरोना को रोकने संबंधी विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा पर्यटन और अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।  शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।

कोरोना पॉजिटिव मरीज बिना प्रचार किए लड़ सकेगा पंचायत चुनाव: जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर कोई कोरोना पॉजिटिव मरीज पंचायत या स्थानीय निकाय का चुनाव लड़ना चाहता है तो वह लड़ सकेगा। चुनाव लड़ने से किसी को नहीं रोका जा सकता है, लेकिन संक्रमित अवस्था में वह बाहर लोगों से मिलकर प्रचार नहीं कर सकेगा। सीएम ने यह बात कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों के सवाल के जवाब में कही। उन्होंने कहा कि तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इस बारे में जारी एसओपी का पालन करना होगा। 
विज्ञापन


ग्रीष्मकालीन स्कूलों की छुट्टियों पर दिसंबर अंत में होगा फैसला
 हिमाचल में 31 दिसंबर तक बंद किए गए ग्रीष्मकालीन स्कूलों को जनवरी 2021 में भी बंद रखने का फैसला दिसंबर अंत तक होगा। मंत्रिमंडल की बैठक में शिक्षा विभाग का कोई भी प्रस्ताव शामिल नहीं था। शीतकालीन स्कूलों में सरकार ने पहले ही 12 फरवरी 2021 तक अवकाश घोषित किया हुआ है। ग्रीष्मकालीन स्कूलों में छुट्टियां दिया जाना भी तय है। पांच जनवरी 2021 तक सरकार ने बीते दिनों कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए लगाई गई पाबंदियों को जारी रखा है। ऐसे में संभावित है कि दिसंबर के अंत तक शिक्षा विभाग की ओर से जनवरी में भी ग्रीष्मकालीन स्कूलों को बंद रखने का प्रस्ताव मंत्रिमंडल बैठक में लाया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें