मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित की गई हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। कैबिनेट ने कोरोना महामारी के बीच निर्णय लिया कि अब रविवार को प्रदेश में बाजार खुले रहेंगे। सभी स्कूल 12 फरवरी तक बंद रहेंगे। सरकार ने चार जिलों शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में लगाए नाइट कर्फ्यू में ढील दी गई है। अब रात नौ बजे की जगह 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। यहां कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के बाद ही यह नाइट कर्फ्यू लगाया गया था। वहीं सभी समारोहों में अभी भी एक साथ 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। कैबिनेट ने आम जनता और विभिन्न ट्रेड संघों की मांग पर विचार करके राज्य में पहले की तरह रविवार को दुकानें खोलने की अनुमति देने का निर्णय लिया है। यानी दस बजे के बाद रविवार को बाजार खुलेंगे।
प्रदेश के सभी स्कूलों को अगले साल 12 फरवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया है। शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों की तर्ज पर ग्रीष्मकालीन स्कूलों में भी सरकार ने छुट्टियों की घोषणा कर दी है। हालांकि ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। नौवीं से 12वीं कक्षा तक की परीक्षाएं मार्च और अप्रैल में होंगी। कॉलेजों में पहली जनवरी से पांच फरवरी तक तय शेड्यूल के तहत ही अवकाश रहेगा। कैबिनेट बैठक में निजी स्कूलों की फीस को जांचने के लिए उपायुक्तों की अध्यक्षता में जांच कमेटियां बनाने का फैसला लिया गया। इन कमेटियों में शिक्षा उपनिदेशक सदस्य बनाए गए हैं। ये कमेटियां फीस से जुड़े रिकॉर्ड खंगालेंगी और सुनिश्चित करेंगी कि स्कूल फीस से अभिभावकों का शोषण न हो। स्कूलों में सुविधाओं की फीस स्ट्रक्चर से तुलना होगी। कमेटियां पीटीए से भी चर्चा करेंगी। इसके बाद फीस तय होगी।
तीन बिजली प्रोजेक्ट एसजेवीएनएल को देने का फैसला
कैबिनेट ने चिनाब घाटी में 104 मेगावाट तांदी, 130 मेगावाट राशिल और 267 मेगावाट साच खास जल विद्युत परियोजनाओं को सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) को आवंटित करने पर सहमति दी है। यह आवंटन चिनाब बेसिन में एसजेवीएनएल को पहले दी तीन परियोजनाओं की शर्तों के अनुसार ही होगा। इस बारे में एसजेवीएनएल लंबे समय से सरकार से आग्रह कर रहा था। राज्य मंत्रिमंडल ने सहकारिता विभाग में सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं के दो पद सीधी भर्ती से भरने का भी निर्णय लिया है।
हिमाचल में कोरोना से राहतसक्रिय मामलों में आई कमी
हिमाचल में अक्तूबर, नवंबर की अपेक्षा दिसंबर में कोरोना से कुछ राहत मिली है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कैबिनेट में प्रेजेंटेशन के दौरान कोरोना की वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सप्ताह के भीतर कोरोना के रिकवरी और डेथ रेट में सुधार हुआ है।