राज्य निर्वाचन आयोग के आग्रह पर मंत्रिमंडल ने आंतरिक बैठकों में 50 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं देने की शर्त में छूट देने का निर्णय लिया है। इससे हिमाचल में पंचायत चुनाव के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना राज्य चुनाव आयोग के लिए काफी आसान होगा। प्रदेश में 21,764 बूथों में चुनाव कराने को कर्मचारी प्रशिक्षित करने हैं। एक बार में कम से कम 200 लोगों को चुनाव का प्रशिक्षण देना होगा।
इस दौरान सरकार और स्वास्थ्य विभाग के कोविड 19 के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन भी करना होगा।
राज्य चुनाव आयोग के पास कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रशिक्षण देने के लिए काफी कम समय बचा है। प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए एक स्थान में पचास लोगों से अधिक की भीड़ जुटाने पर रोक लगा रखी थी। ऐसी स्थिति में चुनाव प्रशिक्षण को तय समय के भीतर देना चुनाव आयोग के लिए चुनौती बना था।