कर्मचारियों के 9000 करोड़ रुपये जल्द वापस करे सरकार
नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ने एनएसडीएल के पास कर्मचारियों के जमा 9000 करोड़ रुपये को वापस करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। महासंघ ने उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को इस संबंध में ज्ञापन भेजा। प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल करके नेक कार्य किया है। लेकिन पुरानी पेंशन बहाली के पश्चात केंद्र सरकार के अधीन एनएसडीएल के पास 9000 करोड़ रुपये प्रदेश के कर्मचारियों और प्रदेश सरकार का शेष है, जिसे वापस नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी केंद्र सरकार को इस विषय में पत्र लिखा गया था लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई कार्य नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर भी इस विषय को रखा गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसको लेकर प्रदेश सरकार ने केंद्र को पत्र लिखा है, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आया है। हाल ही में राज्य स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया था कि सभी जिला कार्यकारिणी की ओर से उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र भेजा जाएगा। इसलिए ज्ञापन भेजा गया। उन्होंने कहा कि जल्द यदि यह पैसा वापस नहीं आता तो बड़े आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी। जिला अध्यक्ष लेखराज ने कहा कि उपायुक्त मंडी का स्वागत भी जिला मंडी में किया गया तथा उनके माध्यम से जो ज्ञापन भेजे गए हैं। यदि यह पैसा जल्द नहीं मिलता तो राज्य कार्यकारिणी के जो आदेश होंगे उसी तरह जिला मंडी में भी कर्मचारी संघर्ष के लिए तैयार हैं। इस मौके पर राज्य सलाहकार कन्हैया राम सैनी, रजनीश ठाकुर, वीरेंद्र ठाकुर, होशियार सिंह, हंसराज शर्मा, विक्रांत शर्मा, सुरेश ठाकुर, भूप सिंह, पंकज शर्मा तथा कश्मीर सिंह इत्यादि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पेंशनर कुनिहार में 15 को निकालेंगे रोष रैली
भारतीय राज्य पेंशन कर्मचारी महासंघ इकाई कुनिहार के पदाधिकारियों की बैठक निजी होटल हाटकोट कुनिहार में हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष आरपी जोशी की अध्यक्षता में की गई। आरपी जोशी ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के 2016 से बकाया राशि, 12 प्रतिशत डीए और मेडिकल के बिलों का भुगतान न किए जाने के संदर्भ में15 फरवरी को तालाब कुनिहार में समस्त विभागों के पेंशन कर्मचारियों की बैठक होगी। इसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी। बैठक में भारतीय राज्य पेंशन कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। इसी दिन हिमाचल प्रदेश सरकार के खिलाफ एक आक्रोश रैली तालाब कुनिहार से नए बस अड्डा हाटकोट तक निकाली जाएगी।