हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व वन मंत्री खीमी राम शर्मा मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला की मौजूदगी में मंगलवार को शर्मा ने नई दिल्ली में कांग्रेस का दामन थामा। विधानसभा के उपाध्यक्ष रह चुके खीमी राम जिला कुल्लू के बंजार विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के वर्ष 2011 में मंत्री पद से हटने के बाद उन्हें वन मंत्री बनाया गया था। खीमी राम शर्मा पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के करीबियों में माने जाते हैं। वर्ष 2012 में वह बंजार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हारे थे।
वर्ष 2017 में टिकट कटने के बाद से अनदेखी होने पर भाजपा सरकार और संगठन से वह नाराज चल रहे थे। विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश भाजपा को बड़ा झटका लगा है। बंजार विधानसभा क्षेत्र मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह संसदीय क्षेत्र मंडी के तहत आता है। खीमी राम के भाजपा छोड़ने के मुद्दे को कांग्रेस विधानसभा चुनाव में खूब भुनाएगी। उन्होंने वर्ष 2003 में पहली बार बंजार से चुनाव जीता था। 2007 में लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा के उपाध्यक्ष बने थे। वर्ष 2009 में इन्हें भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। वर्ष 2011 में यह मंत्री बने थे।
पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा बने मुख्य सूत्रधार
खीमी राम को कांग्रेस में शामिल करवाने के लिए पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा मुख्य सूत्रधार बने। सुधीर लंबे समय से उनके संपर्क में थे। मंगलवार को खीमी राम के कांग्रेस में शामिल होने के समय भी सुधीर नई दिल्ली में मौजूद रहे।
भाजपा का दूसरा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल
खीमी राम कांग्रेस में शामिल होने वाले भाजपा के दूसरे प्रदेश अध्यक्ष हैं। इनसे पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रह चुके सुरेश चंदेल भी अप्रैल 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे।
मन ने कहा तो चले गए कांग्रेस में: खीमी राम
खीमी राम के कांग्रेस में जाने से बंजार ही नहीं, बल्कि जिला कुल्लू की राजनीति भी गरमा गई है। अमर उजाला से फोन पर बात करते हुए खीमी राम ने कहा कि मन ने कहा कि कांग्रेस में जाना चाहिए, तो कांग्रेस में चले गए। यह फैसला उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद लिया है। आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर उन्होंने बताया कि इस बारे में अभी कोई बात नहीं हुई है। यह भविष्य का विषय है। उन्होंने कहा कि वह दो दिन बाद कुल्लू लौटेंगे।
खीमी राम के आने से और मजबूत होगी कांग्रेस : बुशहरी
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता देवेंद्र बुशहरी ने कहा है कि खीमी राम शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। प्रदेश कांग्रेस खीमी राम शर्मा का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रहे खीमी राम एक अनुभवी और सुलझे हुए राजनेता हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जहां ये बात बार-बार कह रहे थे कि कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता उनके संपर्क में हैं। आज ये स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस के नहीं बल्कि भाजपा में अच्छी सोच रखने वाले नेता अपनी सरकार से प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से तंग आकर कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहते हैं।