भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह राज्य में वर्ष 2022 में मिशन रिपीट को लेकर बुधवार से धर्मशाला में तीन दिवसीय महामंथन शुरू हो गया है। पहले दिन कार्यसमिति की बैठक में पार्टी नेतृत्व ने मंत्रियों और विधायकों को मिशन रिपीट के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक लोगों को बताने के लिए कहा। प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिशन रिपीट के टिप्स देने के साथ-साथ चुनाव में जीत के लिए जोश भरा। प्रदेश के मंत्रियों और विधायकों को भी प्रदेश पार्टी नेतृत्व ने प्रशिक्षण दिया। पहले दिन प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने की।
इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सहित हिमाचल प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन मंत्री पवन राणा, सभी मंत्री और विधायक मौजूद रहे। प्रशिक्षण शिविर के बाद शाम 6 बजे शीर्ष पदाधिकारियों ने मिशन रिपीट, प्रदेश के चारों नगर निगम चुनाव और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव में जीत के लिए मंथन किया। बैठक में पंचायती राज चुनाव को लेकर विश्लेषण भी हुआ। आगामी चुनावों में पार्टी कैसे जीत दर्ज करे, इसको लेकर भी रणनीति बनाई गई। गौर हो कि कोरोना काल में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की यह पहली वास्तविक बैठक हो रही है। इससे पहले एक वर्चुअल बैठक हो चुकी है।
नड्डा आज देंगे टिप्स
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा वीरवार को पहली बार धर्मशाला आएंगे। नड्डा कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ करेंगे और इसके बाद पार्टी में एकजुटता और मुख्यमंत्री, मंत्री और सभी विधायकों सहित पदाधिकारियों को मिशन रिपीट के लिए टिप्स देंगे। नड्डा सुबह 8:30 बजे दिल्ली से गगल हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह धर्मशाला के एक निजी होटल में सुबह 11 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ करेंगे। नड्डा लंच करने के बाद दोपहर 3:30 बजे वापस दिल्ली रवाना होंगे।