जयराम, धूमल और कश्यप ने की माइक्रो डोनेशन।
- फोटो : अमर उजाला
डोनेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भी एक-एक हजार रुपये का दान दिया है। भाजपा ने शनिवार को लोअर बाजार शिमला में माइक्रो डोनेशन अभियान के तहत एक कार्यक्रम किया। इसमें प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसकी अध्यक्षता शिमला मंडल के महामंत्री गगन लखनपाल ने की।
भाजपा सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा से बताया कि पार्टी ने देश में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में ‘माइक्रो डोनेशन’ अभियान चलाया है। इसे प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप के निर्देश पर सभी 74 मंडलों में चलाया जा रहा है। अभियान में भाजपा सोशल मीडिया और आईटी टीम का विशेष योगदान रहा है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं सहित देश के लोगों से 5 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक दान देने की अपील की है।
नंदा ने बताया कि माइक्रो डोनेशन अभियान की शुरुआत 25 दिसंबर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर हुई। इसका समापन दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 11 फरवरी को होगा। भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक पुनीत शर्मा ने बताया की हिमाचल प्रदेश माइक्रो डोनेशन अभियान में पूरे देश में इस सप्ताह छठे स्थान पर रहा है। कार्यक्रम में जिला सोशल मीडिया अध्यक्ष सुदीप महाजन, महामंत्री सुशील चौहान, रितलव चिपडा, अनिता सूद, तरुण राणा, सनी लखनपाल, ममता गुप्ता, कल्याण, दीपक शर्मा और ऋषभ गुप्ता ने भाग लिया।