उपचुनाव के लिए हिमाचल भाजपा के उम्मीदवार।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय सीट से भाजपा ने कारगिल हीरो रि. ब्रिगेडियर कुशाल चंद को टिकट दिया है। वहीं जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीट से नीलम सरैईक, अर्की से रतन पाल सिंह, फतेहपुर से बलदेव ठाकुर के नाम की घोषण की। भाजपा की ओर से गुरुवार सुबह पार्टी हाईकमान की ओर से घोषित उम्मीदवारों के खिलाफ मंडी संसदीय सीट को छोड़कर अभी तीनों विधानसभा सीटों पर विरोध के सुर भी मुखर होने लग गए हैं। फतेहपुर से कृपाल परमार, अर्की से गोविंद राम शर्मा और जुब्बल-कोटखाई से चेतन बरागटा को टिकट न मिलने से पार्टी को उनके विरोध का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा ने परिवारवाद को खारिज करके टिकट बांटे हैं। इससे मतदाताओं को एक संदेश देने का प्रयास तो किया है, लेकिन अब अपनों से निपटना सत्तारूढ़ दल की बड़ी चुनौती होगी। टिकट बंटते ही जुब्बल-कोटखाई, अर्की और फतेहपुर में बगावत शुरू हो गई है। हालांकि मंडी संसदीय क्षेत्र में भी भाजपा को भितरघात का डर है।
ये भी पढ़ें:
उपचुनाव हिमाचल: कांग्रेस ने बनाई प्रचार समिति, सुधीर और अग्निहोत्री समेत 37 नेता शामिल
गुरुवार को मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी रि. ब्रिगेडियर कुशाल चंद, जो कि खुशाल सिंह के नाम से चर्चित हैं, ने नामांकन पत्र भरा। इसके अलावा कांग्रेस की ओर से फतेहपुर सीट से भवानी सिंह पठानिया और अर्की से संजय अवस्थी ने नामांकन पत्र भरा। वहीं फतेहपुर सीट से पूर्व सांसद राजन सुशांत ने बतौर निर्दलीय और मंडी संसदीय सीट से हिमाचल जनशक्ति पार्टी से मुंशी राम ठाकुर ने आवेदन किया। भाजपा संसदीय बोर्ड के लंबे मंथन के बाद चारों टिकट बुधवार देर रात तय हो गए थे, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इसकी आधिकारिक घोषणा गुरुवार सुबह की। रि. ब्रिगेडियर कुशाल सिंह की पूर्व सैनिक परिवारों, फोरलेन प्रभावितों समेत एक बडे़ वर्ग पर पकड़ है। वह मूल रूप से मंडी जिले के सरकाघाट से हैं। वह मंडी और कुल्लू जिले के सीमावर्ती क्षेत्र नगवाई में रह रहे हैं। नीलम तीन बार जिला परिषद सदस्य रही हैं और वह जुब्बल-कोटखाई के गांव कोटी की रहने वाली हैं। भाजपा ने मंडी से रि. ब्रिगेडियर कुशाल चंद और जुब्बल-कोटखाई से नीलम सरैईक को उतारकर दोनों नए चेहरों पर दांव खेला है।
भाजपा प्रत्याशियों ब्रिगेडियर खुशाल और रतन पाल ने दिए चेयरमैन पद से इस्तीफे
मंडी संसदीय सीट से भाजपा के उम्मीदवार ब्रिगेडियर खुशाल चंद ने हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम हमीरपुर के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा अर्की विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी रतन पाल सिंह ने हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारिता विकास फेडरेशन लिमिटेड (हिमकोफेड) शिमला के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने दोनों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं।