भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस को झंडा दिवस के रूप में बनाएगी। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा इस कार्यक्रम के लिए प्रदेश महामंत्री चंद्र मोहन ठाकुर को प्रभारी बनाया गया है। साथ ही मंडल स्तर पर भी प्रभारियाें की नियुक्ति की गई हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी अपना स्थापना दिवस बूथ स्तर पर मनाएगी। स्थापना दिवस के अवसर पर हर बूथ पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा और लोगों से भी स्वच्छता अभियान में भाग लेने की अपील की जाएगी।
इसके अलावा भाजपा 14 अप्रैल को भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर हर मंडल पर सामाजिक न्याय दिवस (समरसता दिवस) मनाएगी। इस कार्यक्रम के लिए प्रदेश महामंत्री राम सिंह को प्रभारी नियुक्त किया गया है। हर मंडल में तीन-चार स्थानों पर कार्यक्रम किए जाएंगे। यह कार्यक्रम अनुसूचित जाति मोर्चा के बैनर तले किए जाएंगे।