बजट पर चर्चा के दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उधर के कुछ लोग हिमाचल का नाम बाहरी राज्यों में बदनाम करने में लगे हैं। यह सही नहीं है। इस पर सदन में हंगामा हो गया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक मंत्री होकर उन्हें ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए, इसके लिए उन्हें सदन में माफी मांगनी होगी।जयराम ने कहा कि हिमाचल में नशे का चलन बढ़ता जा रहा है। चिट्टे की ओवरडोज से युवाओं की मौत हो रही है। लोगों को नशे से बचाना सत्ता पक्ष और विपक्ष की जिम्मेवारी है। मंत्री को बजट पर बोलना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बजट अनुमानित होता है और एक साल का विजन होता है। विपक्ष यदि प्रदेश की बेहतरी के लिए भी सुझाव देता तो अच्छा लगता। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रदेश में भारी नुकसान हुआ लेकिन केंद्र ने मदद नहीं की है। इस मसले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे हिमाचल को कभी रेंगता हुआ तो कभी हिमाचल बर्बाद की बातें कह रहे हैं।