मुख्यमंत्री ने बताया कि बिजली बोर्ड में भी खाली पदों के अनुरूप बिजली मित्रों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के अधिशासी अभियंता को अधिकृत किया गया है। अधिकारी अपने क्षेत्र में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर बिजली मित्रों की नियुक्ति कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बिजली मित्रों की भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ बिजली बोर्ड के कामकाज में भी सहयोग मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में बेलदार के पद समाप्त कर मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब जल शक्ति विभाग में चार हजार मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती से विभाग में कर्मचारियों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। सरकार का कहना है कि विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने से न केवल विभागीय कामकाज मजबूत होगा, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।