मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा में कहा कि हिमाचल में सरकार टोल टैक्स से 109 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाएगी। वर्तमान में टोल बैरियरों से सरकार के खजाने में करीब 100 करोड़ की राशि जमा हो रही है। काठगढ़ टोल बैरियर दूसरी जगह ले जाने से सरकार को राजस्व का नुकसान होगा। इस क्षेत्र से खनिज भी ले जाया जाता है। अगर इस बैरियर को दूसरी जगह ले जाया जाएगा तो इससे राजस्व की चोरी की आशंका रहेगी। साथ ही टोल बैरियर को नुकसान भी होगा।
विधायक रीता देवी ने मानसून सत्र के पहले दिन नियम-62 के तहत काठगढ़ टोल बैरियर दूसरी जगह ले जाने के लिए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया था। सरकार से इसे दूसरे स्थान में ले जाने की मांग की थी। कहा था कि यहां इंदौरा के प्रसिद्ध शिव मंदिर में रोजाना पंजाब के हजारों लोग आते हैं। इनसे टोल टैक्स वसूला जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि काठगढ़ टोल बैरियर में हर साल 9.79 करोड़ का टैक्स आता है। यहां से छोटे वाहनों के अलावा बड़े वाणिज्य वाहन भी गुजरते हैं।
यहां से 400 मीटर में पंजाब की सीमा है। अगर टोल बैरियर को 200 मीटर भी हटाया जाता है तो इससे सरकार को राजस्व की क्षति होगी। गुप्त रास्तों से खनिज से टैक्स की चोरी होने की आशंका रहेगी। कांग्रेस विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने नियम 130 के तहत वनों में आग और प्राकृतिक आपदा से हुए अभी तक के नुकसान की पू्र्ति के लिए धनराशि बढ़ाने पर प्रस्ताव लाया। इस पर शुक्रवार को चर्चा होगी।0 जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह जवाब देंगे।
रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से करवाए गए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ हिमाचल की लाखों महिलाओं तक पहुंच रहा है। प्रदेश में महिलाएं कुल आबादी का लगभग 50 प्रतिशत हैं। इनकी सक्रिय भागीदारी के बिना विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान ही पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने महिला सशक्तीकरण को तत्पर रहने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं की ओर से हरसंभव सहयोग और समर्थन देने का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम के दौरान सक्षम गुड़िया बोर्ड की अध्यक्ष रूपा शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी वंदना गुलेरिया, भाजपा आईटी संयोजक रिद्धिमा, महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारी और अन्य महिलाएं भी उपस्थित थीं। इस दौरान महिला मोर्चा पदाधिकारियों के अलावा धार्मिक संस्था प्रजापिता ब्रह्मकुमारी की सदस्यों, तिब्बती समुदाय की महिलाओं, नर्सों, महिला अधिवक्ताओं, महिला पुलिस अधिकारियों और अन्य महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी।