मानसून सत्र के दूसरे दिन सत्तापक्ष इस बात से आशंकित है कि कांग्रेस पिछले सत्रों की तरह हमलावर रुख में पेश आएगी, क्योंकि यह आगामी उपचुनावों को लक्षित करेगी। मंगलवार को कई मुद्दों पर कांग्रेस प्रश्नकाल में ही हंगामा कर सकती है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन की बैठक के बाद सोमवार शाम को राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला के सभागार में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। इसमें सदन में विपक्ष के आक्रामक होने की स्थिति में करारा जवाब देने की रणनीति बनाई गई। मानसून सत्र के दूसरे दिन सत्तापक्ष इस बात से आशंकित है कि कांग्रेस पिछले सत्रों की तरह हमलावर रुख में पेश आएगी, क्योंकि यह आगामी उपचुनावों को लक्षित करेगी। मंगलवार को कई मुद्दों पर कांग्रेस प्रश्नकाल में ही हंगामा कर सकती है। स्थगन जैसे प्रस्तावों को पेश कर सारा काम रोकने के लिए दबाव बना सकती है।
विज्ञापन
इस बार भी विपक्ष कोरोना, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठा सकता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में यह तय किया गया है कि विपक्ष के इस तरह के रवैये पर पलटकर करारा जवाब दिया जाए। सीएम ने निर्देश दिए कि प्रश्नकाल चलने की स्थिति में मंत्री संभलकर और पूरी तैयारी से जवाब दें। पूरी तैयारी कर ही सभी सदन की बैठक में जाएं। यह बैठक देर रात तक चली। मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा की बैठक 11 बजे शुरू होगी।