फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल विधानसभा प्रश्नकाल: हर्षवर्द्धन चौहान बोले- तीन साल में 6,940 बेरोजगारों को मिला रोजगार

Thu, 23 Mar 2023 06:12 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

प्रदेश में बीते तीन वर्ष के दौरान कुल 1,280 नए उद्योग स्थापित हुए हैं। इन सभी इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो गया है। यहां प्रदेश के 6,940 बेरोजगारों को रोजगार दिया गया। 
विज्ञापन
उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में बीते तीन वर्ष के दौरान कुल 1,280 नए उद्योग स्थापित हुए हैं। इन सभी इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो गया है। यहां प्रदेश के 6,940 बेरोजगारों को रोजगार दिया गया। भाजपा विधायक सुखराम चौधरी के सवाल का लिखित जवाब देते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने बताया कि कांगड़ा जिले में 3,079, शिमला में 807, सोलन में 218, सिरमौर में 938, हमीरपुर में 723, चंबा में 206, मंडी में 137, ऊना में 546, बिलासपुर में 59, कुल्लू में 195, लाहौल-स्पीति में 10 और किन्नौर में 22 बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया। 

विज्ञापन


रेडियोलॉजिस्ट न होने से बंद पड़ी हैं 60 अल्ट्रासाउंड मशीनें
 प्रदेश में 60 ऐसे स्वास्थ्य संस्थान भी हैं, जिनमें अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित होने के बावजूद इस्तेमाल में नहीं लाई जा रही हैं। भाजपा विधायक डॉ. जनकराज के सवाल का लिखित जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने बताया कि सोनोलॉजिस्ट और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने के कारण यह स्थिति है। वर्तमान में विभाग में सोनोलॉजिस्ट और रेडियोलॉजिस्ट की भारी कमी है। भविष्य में जैसे ही रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध होंगे, इन 60 स्वास्थ्य संस्थानों में प्राथमिकता के आधार पर तैनात कर दिया जाएगा।

15 दिन में भरे जाएंगे स्कूल प्रिंसिपलों के रिक्त पद : रोहित
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में रिक्त चल रहे प्रिंसिपलों के 269 पद 15 दिन में भर दिए जाएंगे। विभाग ने इस बाबत प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा विधायक रीना कश्यप ने प्रश्नकाल के दौरान प्रिंसिपलों के रिक्त पद होने का मामला उठाया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि पद भरना निरंतर प्रक्रिया है। 
विज्ञापन


तीन-चार माह में हो जाएगा किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का उद्घाटन : विक्रमादित्य
 लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का उद्घाटन तीन-चार माह में हो जाएगा। फोरलेन का 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने प्रश्नकाल के दौरान बल्ह विधानसभा क्षेत्र में डडौर फोरलेन में फ्लाई ओवर का मामला उठाया। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। उन्होंने विधायक को इसमें तेजी लाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने के लिए उनके साथ चलने का आह्वान भी किया। 

सीमेंट उद्योग लगाने को आगे आने वाली कंपनियों का करेंगे स्वागत : हर्षवर्द्धन
उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश में अगर कोई भी कंपनी सीमेंट उद्योग लगाने के लिए आती है तो सरकार उनका स्वागत करेगी। उद्योग स्थापित करने के लिए सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी। विधायक नीरज नैय्यर के सवाल का जवाब देते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि वर्तमान में चंबा में कोई भी सीमेंट उद्योग खोलने का प्रस्ताव नहीं है। इस पर भाजपा विधायक हंसराज ने अनुपूरक सवाल पूछते हुए कहा कि पिछड़ेपन को देखते हुए चंबा के लिए कोई योजना बनाई जानी चाहिए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में चूना पत्थर के कई जगह भंडार हैं। चूना पत्थर खान को बोली के माध्यम से देने का केंद्र सरकार ने प्रावधान किया है।

अपनी सीट से ही माइक पर बोल सकेंगे विधायक : अध्यक्ष
 विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वीरवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कहा कि विधायक अपनी सीट से माइक पर बोल सकेंगे। देखने में आया है कि कुछ विधायक कार्यवाही के दौरान अन्य विधायकों की सीटों पर बैठते हैं। उन्होंने कहा कि अन्य सीट पर बोलने के लिए माइक ऑन नहीं होगा। उन्हाेंने विधायकों से कार्यवाही के दौरान बातें नहीं करने की अपील भी की।

ये भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा सत्र: सत्तापक्ष के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने वेल में पहुंचकर की नारेबाजी, फिर वाकआउट

विज्ञापन

संयम में रहकर सदन में अपनी बात रखें विधायक केवल सिंह पठानिया : जयराम

 नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के विधायक केवल सिंह पठानिया को सब्र और संयम में रहकर सदन में अपनी बात कहनी चाहिए। वीरवार को प्रश्नकाल शुरू होने से पहले नेता विपक्ष ने कहा कि बुधवार को चर्चा के दौरान पठानिया ने कई तरह की बातों का जिक्र किया। मैं उस समय सदन में नहीं था। विधायक पहली बार बोल रहे थे, इसलिए मैंने सदन में आकर अपना पक्ष नहीं रखा।जयराम ठाकुर ने कहा कि विधायक ने मिड हिमालयन ऑफिस की धर्मशाला में मेरी घोषणा पूरी न होने की बात कही। मैंने कभी भी ऐसी घोषणा नहीं की थी। हमने कहा था कि इस बारे में प्रयास किया जाएगा। प्रयास करना घोषणा नहीं होती। सोलन में 30 करोड़ के आधारभूत ढांचे के साथ मिड हिमालयन ऑफिस पहले से ही है। दूसरी आपत्ति जताते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पठानिया ने कहा कि ईएनसी ऑफिस शाहनहर को शिफ्ट कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह ऑफिस सिर्फ एक प्रोजेक्ट के लिए था। जब जरूरत नहीं रही तो ऑफिस को शिफ्ट किया गया। हमने कांगड़ा जिला की कभी भी अनदेखी नहीं की। वर्तमान कांग्रेस सरकार चाहे तो इस कार्यालय को बंद कर दे। नेता विपक्ष ने केवल सिंह पठानिया की ओर से प्रधानमंत्री के संदर्भ में की गई टिप्पणी को भी अशोभनीय कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं, उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कभी भी देश के हर व्यक्ति को 15-15 लाख रुपये देने की बात नहीं कही। प्रधानमंत्री ने सिर्फ इतना कहा था कि अगर विदेशों से कालाधन आ जाए तो हर व्यक्ति को 15 लाख रुपये मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक को इस तरह की बयानबाजी से परहेज करना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें