केंद्र सरकार की ओर से संसद के दोनों सदनों में पारित किए गए जीएसटी विधेयक का समर्थन करने का प्रस्ताव सोमवार को हिमाचल विधानसभा के सदन पटल पर रखा गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष ने इस विधेयक के समर्थन में लाए गए संकल्प प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
स्पीकर बृज बिहारी लाल बुटेल ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को इस विधेयक के समर्थन में सरकारी संकल्प प्रस्तुत करने को कहा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सरकारी संकल्प प्रस्ताव रखा कि संविधान के अनुच्छेद 368 के खंड दो के तहत संसद के दोनों सदनों की ओर से पारित संविधान 122वां संशोधन विधेयक 2014 का अनुसमर्थन करता है।
इस बारे में स्पीकर ने पूछा-जो इसके पक्ष में हैं वे हां कहें तो इसके जवाब में विपक्षी सदस्यों ने हां कहा, जबकि सत्ता पक्ष चुप रहा। इसके बाद स्पीकर बोले - जो इसके पक्ष में नहीं हैं वे ना कहें। इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से कोई विरोध नहीं हुआ। इसके बाद स्पीकर बोले, हां की हां रही, प्रस्ताव पारित हुआ।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के नए जीएसटी विधेयक के लागू होने के बाद सभी तरह के अप्रत्यक्ष कर खत्म हो जाएंगे। करों में एकरूपता होगी। केवल वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) ही लगेगा। इसे कई राज्यों की विधानसभाओं ने अपनी मंजूरी दे दी है।