मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस विधायक दल के वाकआउट पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि वे मानकर चल रहे थे कि सदन में कांग्रेस के लोग बड़ी गंभीरता से चर्चा करेंगे। लेकिन वे राजनीतिक मकसद से बात करते रहे। उन्होंने पांच मिनट ही चर्चा की और यह निंदनीय है कि कांग्रेस के सदस्य उठकर बाहर चले गए। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सारी चर्चा के दौरान केवल राजनीतिक मकसद से आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने यह बात मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि मंत्री सभी विषय का जवाब देने के लिए खड़े हुए हैं। सवर्ण आयोग के मसले पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सभी वर्गों को अपनी बात कहने का अधिकार है। वे पहले सचिवालय में मिले। फिर मंडी में भी मिले और प्रदर्शन भी किए। सामान्य वर्ग आयोग कैसे काम करेगा, वे इस बारे में चर्चा कर रहे हैं। आयोग के गठन पर सारी प्रक्रिया को शुरू किया गया है। उनका उनसे प्रतिनिधिमंडल मिला था। सौहार्दपूर्ण माहौल में कभी कोई विवाद नहीं होना चाहिए। सारी प्रक्रिया शुरू की गई है। लोग आए, पर उन्होंने जिस तरह का गैर जिम्मेदाराना व्यवहार करने की कोशिश की, वह सही नहीं है। सामान्य वर्ग आयोग के गठन के बारे में विचार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल
स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल ने कहा है कि कांग्रेस मदहोशी से बाहर आए, अब जयराम ठाकुर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पैट स्कैन मामले में हमलावर हुए कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी पर स्वास्थ्य मंत्री ने यह कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि पैट स्कैन मशीन लगाने के लिए आईजीएमसी के पास भूमि चयनित कर ली गई है। वन मंजूरी का इंतजार है।
विधायक रामलाल ठाकुर ने प्रश्नकाल के दौरान सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में एक्सरे केंद्रों की हालत खराब है।
कई जगह डॉक्टर मशीन को खराब बताते हुए मरीजों को निजी अस्पताल में भेजते हैं। मिलीभगत का बड़ा खेल चल रहा है। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 118 स्वास्थ्य संस्थानों पर केवल एक्सरे सेवाएं पीपीपी मोड पर करसना डायग्नोस्टिक लिमिटेड के साथ शुरू की गई हैं। एक्सरे करवाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन 127 रुपये प्रति एक्सरे की दर से भुगतान कर रहा है। मरीजों को तीन मार्च 2021 से यह सुविधा निशुल्क दी जा रही है। प्रदेश के 12 अस्पतालों में सीटी स्कैन तथा 72 सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध है। खराब एक्सरे मशीनों को ठीक करवाया जाएगा। बीपीएल परिवारों को राहत देने पर विचार जारी है।
सदन की कार्यवाही खत्म होने से करीब 15 मिनट पहले नियम 323 के तहत अपनी बात रखने पर अड़े रहे कांग्रेस विधायक तीसरी बार बाहर चले गए। हालांकि धनी राम शांडिल सदन में ही रहे। स्पीकर ने शांडिल को अपना विषय उठाने की अनुमति दी। विधायक आशा कुमारी और विक्रमादित्य सिंह ने धनी राम शांडिल को बाहर जाने का इशारा किया, लेकिन वह सीट पर खड़े रहे। जैसे ही विपक्ष के अन्य सदस्य बाहर चले गए तो उन्होंने अपनी बात कहनी शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि कोहली समुदाय के भवन के लिए 30 लाख की राशि मंजूर है, लेकिन अभी तक यह भवन नहीं बना है। इस भवन की राशि बीडीओ दफ्तर में जमा है। इसे किसी और मद पर खर्च न किया जाए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि भवन के लिए तीस लाख की राशि कहीं और खर्च नहीं की जाएगी। यह राशि बीडीओ मशोबरा के पास जमा है। भूमि हस्तांतरण के बाद भवन की निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।