केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगा रहा हो, उस प्रदेश के लोगों को शर्म महसूस करनी पड़ती है। अब शर्म से छुटकारा पाने का वक्त आ चुका है। वे चंबा के भरमौर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह भरमौर के चौरासी प्रांगण में लोगों की भीड़ उमड़ी है, इससे साफ जाहिर होता है कि नौ नवंबर को भरमौर क्षेत्र की जनता भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी। वे भरमौर में पार्टी के लिए वोट मांगने नहीं आए हैं, बल्कि हिमाचलियत के लिए वोट मांगने आए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में गुड़िया और होशियार सिंह कांड से देवभूमि कलंकित हुई है। कांग्रेस सरकार ने आरोपियों को सजा देने की बजाय संरक्षित करने का कार्य किया है। मोदी ने उन्हें देश का स्वास्थ्य मंत्री बनाकर गौरवान्वित किया है।