हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही प्रदेश में चुनावी शतरंज की बिसात बिछ गई है। अब प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में 338 प्रत्याशियों के बीच शह और मात का खेल होगा।
वीरवार को नामांकन वापसी के आखिरी दिन 56 ने चुनाव मैदान छोड़ दिया जबकि इससे पहले 82 नामांकन खारिज हो चुके हैं। भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा सीपीआईएम, बसपा, सपा, स्वाभिमान पार्टी, सीपीआई, राष्ट्रीय आजाद मंच, आल इंडिया मानवाधिकार राजनीतिक दल, लोक गठबंधन पार्टी, नव भारत एकता दल, भारतीय हिमाचल जन विकास पार्टी, बहुजन मुक्ति पार्टी सहित कई निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं।
छह विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के बागी और सात विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के बागी प्रत्याशी बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इन बागियों के निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने से भाजपा और कांग्रेस को भितरघात का सामना करना पड़ेगा। कई विधानसभा क्षेत्रों में यह बागी भाजपा और कांग्रेस का समीकरण बिगाड़ने का माद्दा भी रखते हैं।
बागी नहीं हुए कंट्रोल, डैमेज के बढ़े आसार
भाजपा-कांग्रेस में टिकट कटने से नाराज निर्दलीय उतरे बागियों ने सियासी रणनीतिकारों को बड़ा झटका दिया है। चुनावी बिसात में गोटियां फिट करने की कवायद में बगावत के सुरों को पूरी तरह से शांत करने में दल कामयाब नहीं हो सके। जिन सीटों पर बागी असरदार थे, वहां दोनों ही दल लाचार रहे।
कांग्रेस वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है, लेकिन उनके करीबी ही मैदान में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में बैठने को तैयार नहीं हुए। नालागढ़, शिमला शहर, लाहौल, द्रंग और रामपुर में पार्टी के बागी डैमेज पहुंचाने की स्थिति में दिख रहे हैं।
उधर, भाजपा में केंद्रीय नेतृत्व की तमाम कोशिशें विफल साबित हुईं। पार्टी ने जिन सीटों पर अपने हिसाब से प्रत्याशी तय किये वहां अधिक बगावत है। पालमपुर, फतेहपुर और चंबा में पार्टी के नए चेहरे पुरानों को रास नहीं आए। श्री रेणुकाजी सीट भी बगावत के चलते पार्टी की चुनौती बढ़ाती दिख रही है।
जिला बिलासपुर में इनके बीच जंग
46. झंडूता
भाजपा प्रत्याशी : जेआर कटवाल
कांग्रेस प्रत्याशी : बीरू राम किशोर
समीकरण : भाजपा ने सिटिंग विधायक रिखी राम का टिकट काट पूर्व नौकरशाह को मौका दिया है। पार्टी को यहां भितरघात का डर है। कांग्रेस फिर बीरूराम पर दांव खेल रही है। इसके अलावा एक निर्दलीय मैदान में है।
47. घुमारवीं
भाजपा प्रत्याशी : राजेंद्र गर्ग
कांग्रेस प्रत्याशी : राजेश धर्माणी
समीकरण : इस सीट पर दोनों ही दलों ने अपने चेहरे नहीं बदले हैं।
48. बिलासपुर
भाजपा प्रत्याशी : सुभाष ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : बंबर ठाकुर
समीकरण : भाजपा ने यहां पूर्व सांसद सुरेश चंदेल की जगह नए चेहरे सुभाष को टिकट दिया। भाजपा ने बगावत काबू कर ली। लेकिन कांग्रेस के सिटिंग विधायक के खिलाफ बतौर निर्दलीय तिलक राज ने ताल ठोक दी है।
49. श्रीनयना देवी जी
भाजपा प्रत्याशी : रणधीर शर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी : रामलाल ठाकुर
समीकरण : यहां एक बार फिर दो बड़े चेहरों के बीच ही टक्कर को तय माना जा रहा है।
जिला ऊना में ये उम्मीदवार
41. चिंतपूर्णी
भाजपा प्रत्याशी : बलवीर सिंह चौधरी
कांग्रेस प्रत्याशी : कुलदीप कुमार
समीकरण : यहां दोनों प्रमुख दलों ने पुराने चेहरे ही उतारे हैं। कांग्रेस वर्ष 2012 में जीती थी। इस बार दोनों के बीच कांटे की टक्कर है। हालांकि पांच अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
42. गगरेट
भाजपा प्रत्याशी : राजेश ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : राकेश कालिया
समीकरण : भाजपा ने इस सीट पर सुशील कालिया की जगह राजेश को मौका दिया है। राकेश को इस बार नए चेहरे से कितनी चुनौती मिलती है, ये देखना होगा। हालांकि दो ओर प्रत्याशी भी इस सीट पर हैं।
43. हरोली
भाजपा प्रत्याशी : रामकुमार शर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी : मुकेश अग्निहोत्री
समीकरण : कांग्रेस का इस क्षेत्र में दबदबा रहा है। भाजपा ने इस सीट पर रामकुमार पर भरोसा जताया है। दोनों के बीच कांटे की टक्कर रहने के आसार हैं। हालांकि तीन और प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं।
44. ऊना
भाजपा प्रत्याशी : सतपाल सिंह सत्ती
कांग्रेस प्रत्याशी : सतपाल सिंह रायजादा
समीकरण : भाजपा के लिहाज से यह सीट महत्वपूर्ण है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सत्ती यहां से मैदान में है। उन्हें टक्कर देने के लिए रायजादा को कांग्रेस ने फिर मौका दिया है, जबकि तीन और प्रत्याशी मैदान में हैं।
45. कुटलैहड़
भाजपा प्रत्याशी : वीरेंद्र कंवर
कांग्रेस प्रत्याशी : विवेक शर्मा
समीकरण : कांग्रेस ने आखिरी समय में वंशवाद की परवाह किये बिना यहां विवेक को नए चेहरे के तौर पर उतारा, जबकि भाजपा सिटिंग विधायक से उनकी टक्कर है। इसके अलावा पांच और प्रत्याशी भी यहां से ताल ठोक रहे हैं।
जिला लाहौल स्पीति
lahul spiti map
21. लाहौल स्पीति
भाजपा प्रत्याशी : रामलाल मार्कंडेय
कांग्रेस प्रत्याशी : रवि ठाकुर
समीकरण : इस सीट पर दोनों पार्टियों ने पुराने चेहरों पर ही दांव खेला है। कांग्रेस के बागी राजेंद्र ने निर्दलीय उतर कर मुकाबले को रोचक बना दिया है। उनके अलावा एक और निर्दलीय भी मैदान में है।
जिला कुल्लू में इनके बीच होगी जंग
22. मनाली
भाजपा प्रत्याशी : गोविंद सिंह ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : हरि चंद शर्मा
समीकरण : कांग्रेस ने सीट पर नया प्रत्याशी दिया है, जबकि भाजपा मौजूदा विधायक पर दांव खेल रही है। दोनों ही दलों की यहां मुसीबत आधा दर्जन निर्दलीय उतरे बागी बढ़ा रहे हैं। बगावत से मुकाबला कांटे का रहेगा।
23. कुल्लू
भाजपा प्रत्याशी : महेश्वर सिंह
कांग्रेस प्रत्याशी : सुंदर सिंह ठाकुर
समीकरण : भाजपा की इस सीट पर पकड़ रही है, लेकिन कांग्रेस ने नया चेहरा देकर बगावत मोल ले ली है। यहां बतौर निर्दलीय कांग्रेस बागी मुकाबले के नए समीकरण बना रही है।
24. बंजार
भाजपा प्रत्याशी : सुरेंद्र शौरी
कांग्रेस प्रत्याशी : आदित्य विक्रम सिंह
समीकरण : दोनों प्रमुख दलों ने यहां नए चेहरे दिए हैं। कैबिनेट मंत्री करण सिंह के निधन के बाद कांग्रेस ने उनके बेटे को मौका दिया जबकि खिमी राम का टिकट काट भाजपा नए चेहरे को लेकर आई है। बसपा का एक प्रत्याशी भी यहां मैदान में है।
25. आनी
भाजपा प्रत्याशी : किशोरी लाल
कांग्रेस प्रत्याशी : परस राम
समीकरण : कांग्रेस ने यहां सिटिंग विधायक खूब राम का टिकट काट नए चेहरे को उतारा है। कांग्रेस के लिए राहत यह है कि यहां बगावत नहीं है। दो अन्य प्रत्याशी भी मैदान में होने से यहां स्थिति अस्पष्ट है।
जिला हमीरपुर ये प्रत्याशी
36. भोरंज
भाजपा प्रत्याशी : कमलेश कुमारी
कांग्रेस प्रत्याशी : सुरेश कुमार
समीकरण : यह सीट भाजपा का गढ़ रही है, लेकिन आखिरी समय में पार्टी ने सिटिंग विधायक का पत्ता काट दिया। कांग्रेस में भी बागी पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ है। उधर, भाजपा को अनिल की नाराजगी भी झेलनी होगी।
37. सुजानपुर
भाजपा प्रत्याशी : प्रेमकुमार धूमल
कांग्रेस प्रत्याशी : राजेंद्र राणा
समीकरण : इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री का मुकाबला यहां से पूर्व विधायक रह चुके प्रत्याशी से है। धूमल पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। धूमल के चुनाव लड़ने से मुकाबला रोचक हो गया है।
38. हमीरपुर
भाजपा प्रत्याशी : नरेंद्र ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : कुलदीप पठानिया
समीकरण : भाजपा का गढ़ मानी जानी वाली इस सीट पर दिग्गज धूमल की जगह पार्टी ठाकुर को लेकर आई है। कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं बदला है। इस सीट पर सात अन्य प्रत्याशी मैदान में होने से मुकाबला रोचक हो सकता है।
39. बडसर
भाजपा प्रत्याशी : बलदेव शर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी : इंद्र दत्त लखनपाल
समीकरण : इस सीट पर दोनों ओर से पुराने प्रत्याशियों को उतारा गया है। यहां मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच रहेगा, लेकिन तीन अन्य प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर भी काफी कुछ निर्भर करता है।
40. नादौन
भाजपा प्रत्याशी : विजय अग्निहोत्री
कांग्रेस प्रत्याशी : सुखविंद्र सिंह सुक्खू
समीकरण : सीट पर एक बार फिर कांग्रेस की साख से जुड़ी है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू की टक्कर भाजपा के सिटिंग विधायक से है। इसके अलावा पांच अन्य प्रत्याशी दौड़ में हैं।
जिला कांगड़ा में सबसे ज्यादा उम्मीदवार
6. नूरपुर
भाजपा प्रत्याशी : राकेश पठानिया
कांग्रेस प्रत्याशी : अजय महाजन
समीकरण : कांग्रेस के सिटिंग विधायक अजय के खिलाफ भाजपा ने उनके खिलाफ पिछली बार निर्दलीय उतरे राकेश को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा को इस सीट पर बगावत संभालनी पड़ी। अब यहां दोनों में आमने सामने की टक्कर है, लेकिन बसपा का प्रत्याशी भी मैदान में है।
7. इंदौरा
भाजपा प्रत्याशी : रीता धीमान
कांग्रेस प्रत्याशी : कमल किशोर
समीकरण : यहां मुकाबला इस बार रोचक रहेगा। निर्दलीय सिटिंग विधायक मनोहर धीमान के चुनावी रेस से बाहर होने के बाद यहां वर्ष 2012 में फर्स्ट रनर-अप कांग्रेस की टक्कर सेकेंड रनर-अप भाजपा से है। चार निर्दलीय और बसपा प्रत्याशी भी हैं।
8. फतेहपुर
भाजपा प्रत्याशी : कृपाल परमार
कांग्रेस प्रत्याशी : सुजान सिंह पठानिया
समीकरण : भाजपा के दो बागी यहां से चुनाव मैदान में हैं। बागी होने के चलते भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इस सीट पर मुकाबला रोचक हो गया है। बसपा और पांच निर्दलीय भी मुकाबले में हैं।
9. ज्वाली
भाजपा प्रत्याशी : अर्जुन ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : चंद्रकुमार
समीकरण : कांग्रेस विधायक ने यहां अपने पिता के लिए इस बार सीट छोड़ी है। भाजपा की ओर से कांग्रेस को कड़ी टक्कर दी जा रही है। यहां से एक आजाद, बसपा और नव भारत एकता दल का प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
10. देहरा
भाजपा प्रत्याशी : रविंद्र सिंह रवि
कांग्रेस प्रत्याशी : विप्लव ठाकुर
समीकरण : रवि की जीत का सिलसिला तोड़ने का जिम्मा कांग्रेस ने राज्य सभा सांसद विप्लव को सौंपा है। यहां दोनों दिग्गजों का अनुभव सियासी समर में दिखेगा। दो निर्दलीय सहित अन्य दलों के दो उम्मीदवार भी मैदान में है।
11. जसवां परागपुर
भाजपा प्रत्याशी : विक्रम सिंंह
कांग्रेस प्रत्याशी : सुरेंद्र मनकोटिया
समीकरण : भाजपा के सिटिंग विधायक के खिलाफ कांग्रेस ने पूर्व प्रत्याशी को खारिज कर नया चेहरा उतारा है। इस सीट पर नौ निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशी भी रेस में हैं।
12. ज्वालामुखी
भाजपा प्रत्याशी : रमेश धवाला
कांग्रेस प्रत्याशी : संजय रत्न
समीकरण : यहां एक बार दोबारा धवाला और रत्न के बीच टक्कर है। इस सीट पर दो निर्दलीय भी हैं, लेकिन मुकाबला दो प्रमुख दलों के बीच ही होता दिख रहा है।
13. जयसिंहपुर
भाजपा प्रत्याशी : रविंद्र धीमान
कांग्रेस प्रत्याशी : यादवेंद्र गोमा
समीकरण : आरक्षित सीट पर कांग्रेस के युवा विधायक के खिलाफ भाजपा ने नया चेहरा दिया है। गोमा के रिश्तेदारों को भाजपा ने पार्टी में जोड़ लिया है, लेकिन यहां टक्कर कांटे की रहेगी। दोनों के अलावा तीन और प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
14. सुलह
भाजपा प्रत्याशी : विपिन सिंह परमार
कांग्रेस प्रत्याशी : जगजीवन पाल
समीकरण : यहां मुकाबला एक बार फिर दोनों प्रमुख दलों के पुराने चेहरों के बीच है। परमार और पाल के बीच होने वाली टक्कर में पांच और प्रत्याशी मैदान में हैं।
15. नगरोटा
भाजपा प्रत्याशी : अरुण कुमार कूका
कांग्रेस प्रत्याशी : जीएस बाली
समीकरण : कांग्रेस की इस सीट पर लंबे समय से पकड़ है। बाली की मजबूत पकड़ को चुनौती देने के लिए भाजपा ने यहां अपना प्रत्याशी बदला है। भाजपा नया चेहरा उतार कर मुकाबले को रोचक बना रही है। तीन और प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
16. कांगड़ा
भाजपा प्रत्याशी : संजय चौधरी
कांग्रेस प्रत्याशी : पवन काजल
समीकरण : कांगड़ा ने बगावत की परवाह किए बिना यहां निर्दलीय सिटिंग विधायक पवन को मौका दिया, जबकि भाजपा ने भी नया चेहरा दिया है। सीट पर निर्दलीय अकसर उलटफेर करते हैं, ऐसे में इस सीट पर दो निर्दलीय पर भी नजर रहेगी।
17. शाहपुर
भाजपा प्रत्याशी : सरवीण चौधरी
कांग्रेस प्रत्याशी : केवल सिंह पठानिया
समीकरण : कांग्रेस में बगावत के चलते यह सीट लंबे समय से भाजपा के कब्जे में है। इस बार भी बतौर निर्दलीय मेजर मनकोटिया के उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है। दो और निर्दलीय भी मैदान में हैं।
18. धर्मशाला
भाजपा प्रत्याशी : किशन कपूर
कांग्रेस प्रत्याशी : सुधीर शर्मा
समीकरण : भाजपा और कांग्रेस के दो कद्दावर नेताओं के बीच मुकाबला है। यहां सबसे अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। अधिक प्रत्याशी होने से दोनों बड़े दलों को नुकसान की संभावना है।
19. पालमपुर
भाजपा प्रत्याशी : इंदु गोस्वामी
कांग्रेस प्रत्याशी : आशीष बुटेल
समीकरण : भाजपा ने यहां से इस बार टिकट बदला है। कांग्रेस के विधायक ने अपनी जगह बेटे को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा के बागी ने यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
20. बैजनाथ
भाजपा प्रत्याशी : मुल्खराज प्रेमी
कांग्रेस प्रत्याशी : किशोरी लाल
समीकरण : इस सीट पर एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के पुराने चेहरे आमने सामने हैं। दोनों दलों के अलावा बसपा और एक निर्दलीय भी मैदान में है।
जिला मंडी में भी कड़ा मुकाबला
26. करसोग
भाजपा प्रत्याशी : हीरा लाल
कांग्रेस प्रत्याशी : मनसा राम
समीकरण : कांग्रेस के विधायक का भाजपा के पूर्व विधायक से मुकाबला है। इस विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के एक बागी सहित 8 उम्मीदवार निर्दलीय भी चुनाव मैदान में है।
27. सुंदरनगर
भाजपा प्रत्याशी : राकेश जम्वाल
कांग्रेस प्रत्याशी : सोहन लाल ठाकुर
समीकरण : इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा में सीधी चुनावी जंग है। 2 निर्दलीय भी चुनाव मैदान में है। यह कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
28. नाचन
भाजपा प्रत्याशी : विनोद कुमार
कांग्रेस प्रत्याशी : लाल सिंह कौशल
समीकरण : इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के अलावा 3 निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे हैं। कांग्रेस से बागी हुए एक प्रत्याशी भी मैदान में है।
29. सिराज
भाजपा प्रत्याशी : जयराम ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : चेतराम ठाकुर
समीकरण : भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवार के अलावा इस सीट में तीन और निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला माना जा रहा है।
30. द्रंग
भाजपा प्रत्याशी : जवाहर ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : कौल सिंह ठाकुर
समीकरण : इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवार के अलावा कांग्रेस पार्टी से बागी एक नेता चुनाव मैदान में है।
31. जोगिंद्रनगर
भाजपा प्रत्याशी : गुलाब सिंह ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : जीवन लाल ठाकुर
समीकरण : इस सीट पर भी त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवार के अलावा एक निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी समीकरण बिगाड़ सकता है।
32. धर्मपुर
भाजपा प्रत्याशी : महेंद्र सिंह ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : चंद्र शेखर
समीकरण : इस विधानसभा क्षेत्र में 7 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है जबकि टक्कर भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवार के बीच मानी ही जा रही है।
33. मंडी
भाजपा प्रत्याशी : अनिल शर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी : चंपा ठाकुर
समीकरण : कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए अनिल शर्मा चुनाव मैदान में है जबकि कांग्रेस ने शर्मा को टक्कर देने के लिए कौल सिंह की बेटी चंपा ठाकुर को मैदान में उतारा है।
34. बल्ह
भाजपा प्रत्याशी : इंद्र सिंह गांधी
कांग्रेस प्रत्याशी : प्रकाश चौधरी
समीकरण : भाजपा और कांग्रेस पार्टी के अलावा दो अन्य निर्दलीय चुनाव मैदान में है। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवार में ही टक्कर मानी जा रही है।
35. सरकाघाट
भाजपा प्रत्याशी : इंद्र सिंह ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : पवन ठाकुर
समीकरण : इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। हालांकि तीन और निर्दलीय भी इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
जिला सोलन में कई दिग्गज मैदान में
50. अर्की
भाजपा प्रत्याशी : रत्न पाल सिंह
कांग्रेस प्रत्याशी : वीरभद्र सिंह
समीकरण : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चुनाव लड़ने से यह प्रदेश की हॉट सीट बन गई है। मुख्यमंत्री को भाजपा के नए चेहरे के माध्यम से कांग्रेस टक्कर दे रही है। यहां दो अन्य प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं।
51. नालागढ़
भाजपा प्रत्याशी : कृष्णलाल ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : लखविंद्र राणा
समीकरण : भाजपा विधायक के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व विधायक चुनाव मैदान में हैं। यहां तीन अन्य प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के बागी के बैठने से मुकाबला रोचक हो गया है।
52. दून
भाजपा प्रत्याशी : परमजीत सिंह पम्मी
कांग्रेस प्रत्याशी : राम कुमार चौधरी
समीकरण : भाजपा ने 2012 में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाली प्रत्याशी को इस बार अपना प्रत्याशी बनाया है। दून कांग्रेस का गढ़ रहा है। यहां से एक निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में है।
53. सोलन
भाजपा प्रत्याशी : राजेश कश्यप
कांग्रेस प्रत्याशी : धनीराम शांडिल
समीकरण : भाजपा ने कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे प्रत्याशी के खिलाफ नया चेहरा उतारकर मुकाबला रोचक बना दिया है। यहां माकपा और एक निर्दलीय भी चुनाव को बहुकोणीय कर रहे हैं।
54. कसौली
भाजपा प्रत्याशी : राजीव सहजल
कांग्रेस प्रत्याशी : विनोद सुल्तानपुरी
समीकरण : कांग्रेस ने 2012 के प्रत्याशी को दोबारा से चुनाव मैदान में उतारा है। यहां तीन अन्य प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। पांच प्रत्याशियों के चुनाव लड़ने से मुकाबला कड़ा हो गया है।
जिला सिरमौर में ये उम्मीदवार
55. पच्छाद
भाजपा प्रत्याशी : सुरेश कुमार कश्यप
कांग्रेस प्रत्याशी : गंगूराम मुसाफिर
समीकरण : भाजपा और कांग्रेस के अलावा दो निर्दलीय भी यहां चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के सिटिंग विधायक का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व विधायक से हैं। निर्दलियों के वोट पर सबकी नजर है।
56. नाहन
भाजपा प्रत्याशी : राजीव बिंदल
कांग्रेस प्रत्याशी : अजय सोलंकी
समीकरण : कांग्रेस ने यहां पूर्व विधायक का टिकट काट कर नए चेहरे को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा प्रत्याशी दूसरी बार यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां तीन अन्य प्रत्याशी भी चुनावी ताल ठोंक रहे हैं।
57. श्री रेणुकाजी
भाजपा प्रत्याशी : बलवीर चौहान
कांग्रेस प्रत्याशी : विनय कुमार
समीकरण : भाजपा ने पूर्व विधायक की जगह यहां से दूसरे व्यक्ति को टिकट दिया है। पूर्व विधायक निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। यहां कांग्रेस-भाजपा सहित कुल सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
58. पांवटा साहिब
भाजपा प्रत्याशी : सुखराम चौधरी
कांग्रेस प्रत्याशी : किरनेश जंग
समीकरण : निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले विधायक को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाकर भाजपा को कड़ी चुनौती दी है। यहां से भाजपा-कांग्रेस के अलावा दो अन्य प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं।
59. शिलाई
भाजपा प्रत्याशी : बलदेव सिंह तोमर
कांग्रेस प्रत्याशी : हर्षवर्धन चौहान
समीकरण : भाजपा और कांग्रेस के बीच यहां कड़ा मुकाबला है। भाजपा विधायक को कांग्रेस के पूर्व विधायक चुनौती दे रहे हैं। इनके अलावा यहां से तीन अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।
जिला चंबा
1. चुराह
भाजपा प्रत्याशी : हंसराज
कांग्रेस प्रत्याशी : सुरेंद्र भारद्वाज
समीकरण : भाजपा के वर्तमान विधायक को कांग्रेस के पूर्व विधायक कड़ी टक्कर दे रहे हैं। यहां से एक समाजवादी पार्टी और एक आजाद प्रत्याशी भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
2. भरमौर
भाजपा प्रत्याशी : जियालाल कपूर
कांग्रेस प्रत्याशी : ठाकुर सिंह भरमौरी
समीकरण : कांग्रेस सरकार के मंत्री के खिलाफ भाजपा के अलावा चार आजाद उम्मीदवार टक्कर दे रहे हैं। छह प्रत्याशी मैदान में होने से मतों के ध्रुवीकरण होने का बड़े दलों को खतरा है।
3. चंबा
भाजपा प्रत्याशी : पवन नैय्यर
कांग्रेस प्रत्याशी : नीरज नैय्यर
समीकरण : भाजपा ने कांग्रेस छोड़ कर आए नेता को टिकट देकर मैदान में उतारा है। कांग्रेस नए चेहरे पर दांव खेल रही है। भाजपा के बागी सहित दो अन्य प्रत्याशियों ने यहां मुकाबला बहुकोणीय कर दिया है।
4. डलहौजी
भाजपा प्रत्याशी : डीएस ठाकुर
कांग्रेस प्रत्याशी : आशा कुमारी
समीकरण : कांग्रेस विधायक के खिलाफ भाजपा के जिलाध्यक्ष चुनाव मैदान में हैं। माकपा और राष्ट्रीय आजाद मंच के प्रत्याशी भी यहां से चुनाव लड़ते हुए भाजपा-कांग्रेस को चुनौती दे रहे हैं।
5. भटियात
भाजपा प्रत्याशी : विक्रम सिंह जरियाल
कांग्रेस प्रत्याशी : कुलदीप सिंह पठानिया
समीकरण : वर्तमान भाजपा विधायक को कांग्रेस के पूर्व विधायक के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा गया है। आल इंडिया मानवाधिकार राजनैतिक दल और दो आजाद प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं।
जिला शिमला में इनके बीच चुनावी जंग
60. चौपाल
भाजपा प्रत्याशी : बलवीर सिंह वर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी : सुभाष मंगलेट
समीकरण : भाजपा और कांग्रेस में यहां कड़ा मुकाबला है। वर्तमान में दोनों दलों के प्रत्याशी एक-एक बार यहां से निर्दलीय भी चुनाव जीत चुके हैं। तीन आजाद प्रत्याशी भी यहां चुनाव मैदान में है।
61. ठियोग
भाजपा प्रत्याशी : राकेश वर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी : दीपक राठौर
समीकरण : विद्या स्टोक्स के चुनाव मैदान से हटने के बाद से इस सीट पर मुकाबला रोचक हो गया है। भाजपा, कांग्रेस, माकपा और तीन आजाद प्रत्याशियों के बीच यहां टक्कर होगी।
62. कसुम्पटी
भाजपा प्रत्याशी : विजय ज्योति सेन
कांग्रेस प्रत्याशी : अनिरुद्ध सिंह
समीकरण : यहां भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी राजघरानों से संबंधित हैं। माकपा सहित चार आजाद प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में उतरने से अब यहां मुकाबला कड़ा हो गया है।
63. शिमला शहर
भाजपा प्रत्याशी : सुरेश भारद्वाज
कांग्रेस प्रत्याशी : हरभजन सिंह भज्जी
समीकरण : राजधानी में चार प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला है। भाजपा, कांग्रेस के अलावा माकपा और एक आजाद प्रत्याशी के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है।
64. शिमला ग्रामीण
भाजपा प्रत्याशी : प्रमोद शर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी : विक्रमादित्य सिंह
समीकरण : प्रदेश की हॉट सीटों में शामिल हुई इस सीट से सीएम वीरभद्र के बेटे पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि वीरभद्र के करीबी रहे प्रमोद इस बार भाजपा से उतरे हैं। यहां मुकाबला कांटे का रहने की उम्मीद है। इसके अलावा चार आजाद प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
65. जुब्बल कोटखाई
भाजपा प्रत्याशी : नरेंद्र बरागटा
कांग्रेस प्रत्याशी : रोहित ठाकुर
समीकरण : भाजपा और कांग्रेस के बीच यहां कांटे का मुकाबला है। चुनाव मैदान में दो आजाद उम्मीदवार भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। बीते कई चुनावों से इस सीट पर बदलाव का ट्रेंड रहा है।
66. रामपुर
भाजपा प्रत्याशी : प्रेम सिंह द्रैक
कांग्रेस प्रत्याशी : नंद लाल
आजाद प्रत्याशी : सिंघी राम
समीकरण : जिला में कांग्रेस की अजेय रही इस सीट पर इस बार कांटे की टक्कर है। माकपा, बसपा और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा-कांग्रेस की राह मुश्किल कर दी है।
67. रोहड़ू
भाजपा प्रत्याशी : शशि बाला
कांग्रेस प्रत्याशी : मोहन लाल ब्राक्टा
समीकरण : जिला में कांग्रेस का गढ़ रही इस सीट पर इस बार मुकाबला रोचक है। भाजपा-कांग्रेस के बीच यहां कांटे की टक्कर है। बसपा प्रत्याशी भी यहां से चुनाव मैदान में है।
जिला किन्नौर में दो दलों के बीच सीधी टक्कर
68. किन्नौर
भाजपा प्रत्याशी : तेजवंत नेगी
कांग्रेस प्रत्याशी : जगत सिंह नेगी
समीकरण : जिला की एकमात्र सीट में भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर है। यहां बसपा, माकपा और एक अन्य दल के प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबले को बहुकोणीय बना रहे हैं।