विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही विभन्न राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में मनाली से भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह ठाकुर की रैली में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाह नवाज हुसैन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। वहीं जुब्बल में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कमान संभाली।
शाह नवाज ने हिमाचल समेत गुजरात में भगवा लहराने का दावा किया है। हुसैन ने कहा कि मनाली सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी की जमानत जब्त होगी। देश भर में मोदी की प्रचंड लहर चल रही है। इस लहर में मनाली से भाजपा प्रत्याशी गोविंद ठाकुर तीसरी बार विधानसभा पहुंचेंगे।
वहीं रैली में संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा, प्रदेश के सीएम पांच साल तक केस लड़ने में व्यस्त रहे। उन्हें जनता की सुध लेने की फुर्सत ही नहीं थी।
हालांकि पांडेय ने भाजपा को अति उत्साह में न आकर घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों और मोदी सरकार के विकास कार्यों के बारे में बताने का आग्रह किया। गोविंद ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से जनता दुखी है।
पहले लोगों ने कांग्रेस को केंद्र से उखाड़ फेंका। अब लोग प्रदेश से भी कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करेंगे। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने शाह नवाज हुसैन और मंगल पांडेय का ढोल नगाड़ों की थाप पर स्वागत किया।