भाजपा के बाद कांग्रेस पार्टी और माकपा ने भी घोषणापत्र जारी करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। दोनों की दल एक ही दिन चुनाव घोषणापत्र जारी करेंगे।
कांग्रेस का घोषणापत्र एक नवंबर को जारी किया जाएगा। इसे तैयार कर दिया है। यह बात कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रंजीत रंजन ने कही।
उन्होंने कहा कि विजन डाक्यूमेंट जारी करते हुए जेटली के मुंह पर हताशा साफ नजर आ रही है। इसमें ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसमें किसी तरह का विजन नजर आए। यूपीए सरकार ने निर्भया फंड की स्थापना की, उसी फंड को भी मोदी सरकार खर्च नहीं पाई। नारी सुरक्षा पर मोदी सरकार का विजन इसी से सामने आता है।
रंजीत रंजन आशियाना शिमला में पत्रकार वार्ता में बोल रही थीं। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी भी मौजूद रहे। रंजन ने कहा कि कांग्रेस जो भी वादे करती है, उन्हें पूरा करती है।
जहां तक भाजपा के विजन डाक्यूमेंट की बात है तो इसमें ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसमें हिमाचल का भला दिखता हो। उन्होंने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने ही भाजपा ने दिखाए हैं। भाजपा शासित प्रदेशों में दुराचार, छेड़खानी आदि के बड़ी संख्या में मामले सामने आ रहे हैं।
रोमियो स्क्वायड बनाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में यूपी की बात हो या अन्य राज्यों की, वहां यही हाल है। उन्होंने कहा कि जेटली इस डाक्यूमेंट को जारी करते हुए विषय से ही भटक गए और आतंकवाद के मुद्दे पर आ गए। इस डाक्यूमेंट में एक भी बात ऐसी नहीं है, जिससे आम आदमी को लाभ होगा।