मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार मंडी जिला में चार जनसभाएं कीं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि जो विकास करवाते हैं, वोट उन्हीं को मिलते हैं। कांग्रेस सरकार ने पांच साल के शासन में अभूतपूर्व विकास किया है।
इसके दम पर कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में रिपीट करेगी। सीएम बालीचौकी, करसोग, सुंदरनगर और चैलचौक में जनसभाओं में बोल रहे थे। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने उसे बिना दूल्हे की बारात करार दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री के पद के कई दावेदार होने से आपस में गुटबाजी साफ नजर आ रही है। कांग्रेस पूरी तरह से एकजुटता के साथ चुनाव में है। 9 नवंबर को प्रदेश की जनता कांग्रेस को अपना मत देकर विकास के एजेंडे पर मोहर लगाएगी।
इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी सोहन लाल ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर और करसोग विस क्षेत्र में विकास कांग्रेस की देन है। सुंदरनगर से कांग्रेस प्रत्याशी और विधायक एवं सीपीएस सोहन लाल और करसोग के विधायक व सीपीएस मनसा राम समर्थकों के साथ मौजूद रहे। वहीं बालीचौकी में सिराज के प्रत्याशी चेतराम ठाकुर भी मौजूद रहे।