मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वीरवार को सिंहुता मैदान में आयोजित जनसभा में कहा कि पब्लिक जानती है कि प्रदेश में विकास किसने कराया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि पांच साल में प्रदेश सरकार ने हर क्षेत्र का एक समान विकास करवाया है।
अनुबंध कर्मचारियों को तीन साल में नियमित करने का ऐतिहासिक फैसला भी कांग्रेस सरकार ने लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार रिपीट करने के बाद दो साल में अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करेगी, पुरानी पेंशन प्रणाली को भी बहाल किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि चुनाव में भाजपा कांग्रेस से बुरी तरह डरी हुई है। भाजपा पहले जेपी नड्डा को सीएम उम्मीदवार बनाना चाहती थी लेकिन अब प्रो. प्रेम कुमार धूमल पर हार का ठीकरा फोड़ने के लिए उन्हें सीएम का चेहरा बना दिया।
हिमाचल को जीतने के लिए भाजपा के कई बड़े नेता यहां डटे हैं। अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के पुत्र पर अस्सी करोड़ रुपये का घपला है। इसकी जांच भी केंद्र सरकार को करवानी चाहिए।
सत्ता का दुरुपयोग कर डरा रहे मोदी : वीरभद्र
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पीएम मोदी हिमाचल में सौ बार आएं, उनका स्वागत है, लेकिन सत्ता और धन के साथ केंद्र का प्रदेश में हस्तक्षेप उन्होंने अपने पूरे जीवन में नहीं देखा। मोदी सत्ता का दुरुपयोग करके हमें डराने का प्रयास कर रहे हैं तो यह उनकी गलतफहमी है।
नूरपुर के सदवां में आयोजित जनसभा में वीरभद्र ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है। हम चाहते हैं कि सभी राज्यों के केंद्र के साथ मधुर संबंध हो, लेकिन सत्ता का दुरुपयोग कर राज्यों को अस्थिर करना केंद्र सरकार का काम नहीं है।
प्रधानमंत्री को एक छोटे से राज्य के चुनाव में लगातार दौरे शोभा नहीं देते। सीएम ने चुटकी ली कि हमारी हस्ती को मिटाने के प्रयास हमें और मजबूती देते हैं। ईडी और सीबीआई की ओर से मामले दर्ज किए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही मामले की तीन-तीन एजेंसियां जांच कर रही हैं।
अमित शाह के बेटे की आमदनी एक साल में 84 करोड़ होने के मामले की केंद्र सरकार जांच क्यों नहीं करवाती है। जांच और कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए।
धूमल को आगे कर मोदी को फजीहत से बचाया : चौहान
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा ने प्रेम कुमार धूमल को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर हिमाचल में प्रधानमंत्री की फजीहत होने से बचा ली है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता भांप चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
हार का ठीकरा मोदी के बजाय धूमल के सिर फोड़ने को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आनन-फानन में धूमल को आगे किया है। चौहान ने कहा कि देशभर में भाजपा नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव लड़ रही है। उनके नाम पर ही चुनाव जीतने का दावा किया जा रहा है।
भाजपा ने केंद्रीय खुफिया जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही अपनी रणनीति बदली है। कहा कि हिमाचल के लोग पीएम मोदी की जुमलेबाजी से तंग आ चुके हैं। महंगाई के कारण लोग परेशान है। सिलेंडर के दाम हर महीने बढ़ रहे हैं। जीएसटी से लोगों के घर बनाने का सपना अधूरा रह रहा है। नोटबंदी ने लोगों की कमर तोड़कर रख दी है। व्यापारियों का कारोबार चौपट हो गया है।