बिलासपुर रैली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तारीफ सुनकर भाजपा से टिकट के तलबगारों ने अब उनके दरबार पर डेरा डालना शुरू कर दिया है।
बिलासपुर परिधि गृह में नड्डा के पास टिकट के दावेदारों की लंबी कतार लगी रही। मंडी, लाहौल स्पीति, ऊना और शिमला जिला के कई दावेदार उनसे मिलने बिलासपुर पहुंचे।
सुंदरनगर के पूर्व विधायक रूप सिंह ने बंद कमरे में लंबी बातचीत की। विधायक जय राम ठाकुर, रामपुर बुशहर से बृज लाल और लाहौल स्पीति के युवा नेता जवाहर ठाकुर ने भी नड्डा से मुलाकात की।
रैली के बाद खुद नड्डा की भी हिमाचल में सक्रियता बढ़ गई है। रैली हुए पांच दिन बीते हैं और नड्डा दो बार यहां का दौरा कर चुके हैं। दो दिन बाद नड्डा दोबारा प्रदेश दौरे पर आएंगे।
उल्लेखनीय है कि 2012 के विधानसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद बृज लाल ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। बृज लाल कैलाश फेडरेशन के चेयरमैन भी रहे लेकिन हाल ही में उन्होंने धूमल की अगुवाई में दोबारा भाजपा का दामन थाम लिया।
बृज लाल ने बताया कि यह शिष्टाचार मुलाकात थी। जवाहर ठाकुर ने कहा कि वह मंडी जिला में किसी काम से आए थे। पता चला कि केंद्रीय मंत्री बिलासपुर आए हैं तो वह मुलाकात करने आ गए।