हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर सीएम वीरभद्र को घेरने चली भाजपा से लड़ने के लिए कांग्रेस भ्रष्टाचार को ही हथियार बनाने जा रही है। हिमाचल चुनाव की घोषणा होते ही कांग्रेस ने अपनी रणनीति और मुद्दों का खुलासा किया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव और राज्य की सहप्रभारी रंजिता रंजन का कहना है कि कांग्रेस छह करोड़ बनाम भाजपा के अस्सी करोड़ समेत भाजपा शासित राज्यों के घोटाले को मुद्दा बनाएगी। रंजिता रंजन ने हिमाचल चुनाव में ईवीएम के साथ वीवीपैट लगाने का स्वागत किया है।
जबकि गुजरात चुनाव की तिथियां घोषित न करने और हिमाचल में चुनाव के बाद मतगणना एक महीने दस दिन बाद कराने पर शक जाहिर किया है।
उनका कहना है कि चुनाव आयोग वैसे तो दबाव में काम नहीं करता है लेकिन अचानक गुजरात चुनाव की तिथियां घोषित न करने से बू आती है। ऐसा होने में शक के साथ भाजपा का डर भी दिख रहा है। शायद प्रधानमंत्री को गुजरात के लिए कुछ और चुनावी घोषणा का इंतजार है।