विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले ही प्रत्याशी की जीत के होर्डिंग लगा दिए गए। समर्थकों ने बाकायदा सार्वजनिक स्थलों से लेकर नेशनल हाईवे किनारे होर्डिंग लगाकर ऐतिहासिक जीत के लिए जनता का आभार भी जता दिया।
पांवटा साहिब हलके से भाजपा प्रत्याशी सुखराम के विजयी संदेश वाले होर्डिंग पर शिकायत हुई तो प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेकर होर्डिंग हटवा दिए। एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी पांवटा साहिब ने परिणामों की घोषणा से पूर्व जीत के होर्डिंग लगाने को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए भाजपा को आदेश जारी किए।
पांवटा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से चौधरी किरनेश जंग और भाजपा से सुखराम चौधरी चुनाव मैदान में हैं। 18 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने हैं। इससे एक दिन पहले ही भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने शहर में होर्डिंग लगाकर ऐतिहासिक जीत पर नगर वासियों को हार्दिक बधाई दे डाली।
कई स्थलों और एनएच पर होर्डिंग सजा दिए गए। इनमें पूर्व नप अध्यक्ष संजय सिंगल, अमित कुमार, हरदेव सिंह के फोटो बाकायदा मोबाइल नंबर सहित दर्शाए गए।