उन्होंने भी मांग उठाई कि उन्हें स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा दिया जाए। ज्वालामुखी के कांग्रेस विधायक संजय रतन ने भी कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का ऐसे योद्धाओं को दर्जा दिया जाना चाहिए। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि जिन महान विभूतियों ने मुगलों और अंग्रेजों से युद्ध लड़ा, ऐसे ही वजीर राम सिंह पठानिया को श्रद्धांजलि देते हैं। इस पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जीरो ऑवर्स के बजाय इस पर संकल्प लाना चाहिए। हाउस में संकल्प पारित करके केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उनकी सेवाओं को हिमाचल याद रखेगा।
बलिदानी अरुण के नाम होगा सड़क का नामकरण
शून्यकाल में लाहौल स्पीति की कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा ने शहादत पाने वाले अग्निवीर अरुण कुमार के परिवार को आर्थिक सहायता देने, उनके नाम से सड़क का नाम रखने और उनके परिजनों को करुणामूलक आधार पर नौकरी देने का मामला उठाया। इस पर मुकेश ने कहा कि अरुण कुमार अग्निवीर थे। सरकार सड़क का नाम इनके नाम से करने के लिए उचित कदम उठाएगी।
फंड डायवर्ट करने की मामले की होगी समीक्षा
नयना देवी के भाजपा विधायक रणधीर शर्मा की ओर से उठाए गए एक मामले पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि स्वारघाट कॉलेज के फंड डायवर्ट करने के मामले की समीक्षा की जाएगी। क्रियान्वयन करने वाली एजेंसी लोक निर्माण विभाग है। रामकुमार ने बद्दी में नया बस अड्डा बनाने का मामला उठाया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विधानसभा सदस्य इसे एचआरटीसी से नहीं बनवाना चाहते हैं। ये शहरी विकास और अन्य एजेंसी से बनवाना चाहते हैं। यहां पर एक बेहतरीन बस अड्डा बनाया जाएगा। इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने मामला उठाया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से नुकसान का मामला उठाया। वह चाहते हैं कि प्रभावित क्षेत्रों का विशेष सर्वेक्षण का राहत राशि दी जाए। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां पर हुआ नुकसान सरकार के संज्ञान में है। सरकार राहत कार्यों के लिए वचनबद्ध है।