मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को पुलिस कांस्टेबल भर्ती को लेकर हिमाचल विधानसभा सदन में जानकारी दी। सीएम सुक्खू ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के पदों का विज्ञापन 10 जुलाई, 2026 को जारी किया गया था। ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 6 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक लगभग 65,000 अभ्यर्थियों की ओर से आवेदन किया जा चुका था। इसके बाद सरकार की ओर से सभी अभ्यर्थियों को एकमुश्त एक वर्ष की आयु सीमा में छूट प्रदान की गई, जिसके फलस्वरूप आवेदन की अंतिम तिथि में 15 दिनों की वृद्धि करते हुए इसे 21 अगस्त 2026 तक बढ़ाया गया। इस अवधि के दौरान लगभग 11,000 आवेदन प्राप्त हुए, जिससे कुल आवेदनों की संख्या बढ़कर लगभग 77,000 हो गई। इसके बाद सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश होम गार्ड्स के कर्मचारियों को एकमुश्त पांच वर्ष की आयु सीमा में छूट प्रदान की गई तथा आवेदन की अंतिम तिथि में पुनः 15 दिनों की वृद्धि करते हुए इसे 5 सितंबर 2026 तक बढ़ाया गया। इस अवधि के दौरान लगभग 21,000 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार 1 सितंबर,2026 को सायं 7:00 बजे तक पुरुष एवं महिला पुलिस कांस्टेबल के पदों के लिए प्राप्त कुल आवेदनों की संख्या 98,719 हो गई है।