शून्यकाल को तेरहवीं विधानसभा में ही शुरू करने की संभावना से स्पीकर विधानसभा अध्यक्ष ने इंकार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह मामला विचाराधीन है। परमार ने बुधवार को विधानसभा परिसर में पत्रकार वार्ता में कहा कि इस बजट सत्र की पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र में 16 बैठकें हो रही हैं तो आगामी मानसून सत्र में करीब 10 बैठकें हो सकती है। शीत सत्र तक 35 बैठकों को पूरा करने का प्रयास होगा। स्पीकर विपिन सिंह परमार ने कहा कि कोरोना के मामले बेशक घटते जा रहे हैं। इसके बावजूद सत्र के बीच पूरी सजगता रहेगी। प्रदेश विधानसभा सचिवालय में प्रवेश पाने वाले हर व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी।
विधानसभा सचिवालय के भवनों और परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा, जिससे किसी भी तरह के संक्रमण से बचा जा सके। लाइट से परिसर को सजाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिसर में कोविड टेस्टिंग की सुविधा भी दी जा रही है। यहां टेस्टिंग और आइसोलेशन रूम की भी व्यवस्था की जाएगी। एक दिन में भोजनावकाश से पहले 50 प्रतिशत क्षमता के साथ 70 दर्शकों और भोजनावकाश के बाद उतने ही आगुंतकों को पास करेंगे। इस सत्र के दौरान 480 पुलिसकर्मी, 70 होमगार्ड जवान और सीआईडी की टीम नियुक्त होगी।