विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के लिए मंगलवार तक 690 सवाल मिले हैं। इनमें से 490 तारांकित प्रश्न हैं, जिनमें 306 ऑनलाइन मिले हैं और 200 अतारांकित हैं, जिनमें से 83 ऑनलाइन मिले हैं। इनमें सड़कों के निर्माण, शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थानों को स्तरोन्नत करने, विभिन्न विभागों में रिक्तियां भरने, बढ़ते आपराधिक मामलों, ऊर्जा, परिवहन, न्यू पेंशन स्कीम आदि से संबंधित सवाल हैं। यह जानकारी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने दी। इस दौरान विधानसभा के कार्यवाहक सचिव बेग राम कश्यप समेत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक हरबंस सिंह ब्रेस्कॉन भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रेस गैलरी से संबंधित व्यवस्थाओं से संबंधित सुझाव भी मांगे हैं।
उन्होंने कहा कि 13वीं विधानसभा के 23 फरवरी से शुरू होने जा रहे बजट सत्र के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। इसमें कुल 16 बैठकें होंगी। 23 फरवरी को सत्रारंभ राज्यपाल के अभिभाषण के साथ 11:00 बजे होगा। दूसरे दिन दो पूर्व विधायकों कश्मीरी लाल और चमन लाल गाचली के देहांत पर शोकोद्गार होगा। परमार ने प्रेस गैलरी कमेटी की अध्यक्षता करते हुए कहा कि उन्हें नियम 101 के तहत तीन और नियम 130 के अंतर्गत चार सूचनाएं मिली हैं। विधायकों की ओर से रोजाना सवाल मिल रहे हैं।
ड्रोन से रखी जाएगी नजर
परमार ने कहा है कि प्रदेश विधानसभा परिसर में 480 पुलिस जवानों की तैनाती होगी। ड्रोन से पूरे परिसर पर पैनी नजर रखी जाएगी। उन्हें यह भी सूचना मिली है कि लोग कैनेडी चौक तक सरकार के प्रतिनिधियों से मिलने आ सकेंगे। ज्यादा लोग होंगे तो उन्हें चौड़ा मैदान में ही रुकना होगा।
22 को होगी सर्वदलीय बैठक
परमार ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष से 22 फरवरी को सहयोग की अपील की जाएगी। उस दिन एक सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकतांत्रिक और वैधानिक तरीके से ही सदन की कार्यवाही का संचालन होगा।
जीरो ऑवर की संभावनाएं खुलीं
परमार ने बताया कि प्रदेश में जीरो ऑवर की संभावनाएं खुली हैं। इस बारे में विचार चल रहा है। हाल ही में विधानमंडलों के सम्मेलन में इस बारे में सुझाव दिए गए थे। सभी विधानसभाओं की कार्यवाही के नियमों में एकरूपता लाने की बात हुई थी।