हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं देश में सर्वाधिक सुरक्षित हैं। यह खुलासा भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट से हुआ है। पिछले दो साल में इन सीमाओं पर कोई घुसपैठ नहीं हुई है। देश में घुसपैठ करने में बांग्लादेशी सबसे आगे हैं और ये आंकड़ा साल दर साल बढ़ता ही जा रहा है। गृह मंत्रालय ने यह रिपोर्ट इंडो-बांग्लादेश, इंडो-पाकिस्तान, इंडो-नेपाल, इंडो-भूटान, इंडो-चाइना, इंडो-म्यांमार बॉर्डर पर वर्ष 2011, 2012 और 2013 में हुई घुसपैठ पर दी है।
इसके मुताबिक भारत-चीन सीमा पर पिछले तीन वर्षों में घुसपैठ के 10 मामले सामने आ चुके हैं। केवल वर्ष 2011 में ही हिमाचल-उत्तराखंड से लगती चीन की सीमा पर घुसपैठ की आशंका का एक मामला सामने आया था। इसके बाद न तो वर्ष 2012 और न ही 2013 में कोई घुसपैठ दर्ज की गई। भारत और चीन की अंतरराष्ट्रीय सीमा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश से लगती है।