वीकेंड पर हिल्सक्वीन शिमला सैलानियों से सराबोर हो गई। शनिवार को शहर के होटलों में 70 फीसदी तक कमरे बुक रहे। दोपहर एक बजे ही लिफ्ट कार पार्किंग भी पैक हो गई। भारी संख्या में पर्यटक वाहनों के शहर में प्रवेश से ट्रैफिक व्यवस्था पटरी से उतर गई। लिफ्ट से पुराना बस अड्डा और दूसरी ओर बैम्लोई तक वाहनों की लंबी कतार लगने से स्थानीय लोगों और सैलानियों को परेशानी झेलनी पड़ी। वीकेंड पर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से भारी संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख किया। शुक्रवार शाम से ही पर्यटक वाहनों के शिमला पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। शनिवार को देर शाम तक पर्यटक वाहन शिमला पहुंचते रहे। रिज मैदान और मालरोड पर पूरा दिन सैलानियों की भीड़ जुटी रही। बड़ी संख्या में सैलानी गिफ्ट आइटम की खरीददारी करने लक्कड़ बाजार पहुंचे।
लोअर बाजार में सैलानियों ने गर्म कपड़ों की खरीददारी की। मिडल बाजार के ढाबों पर पूरे दिन सैलानियों का तांता लगा रहा। शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा में भी वीकेंड पर सैलानियों की आमद में भारी इजाफा हुआ है। पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने से पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद शिमला में भी सैलानियों की आमद बढ़ी है। वीकेंड पर शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। आने वाले हफ्तों में पर्यटन कारोबार के और अधिक रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।
वीकेंड पर बाजारों में रौनक, बढ़ा कारोबार
हिल्स क्वीन शिमला वीकेंड पर सैलानियों से सराबोर हो गई है। ऐसे में शहर के बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ लग रही है। शनिवार को भी शहर के बाजारों में खासी भीड़ रही। कारोबारियों का कहना है कि शादियों के सीजन के बीच अब सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से कारोबार में बढ़ोतरी हुई है। शहर के मालरोड और लक्कड़ बाजार में भी पर्यटन कारोबार से जुड़े दुकानदारों की बिक्री बढ़ी है। सर्दी के जल्दी दस्तक से ऊनी और गर्म कपड़ों की बिक्री भी बढ़ी है। शिमला व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष अजय सरना ने कहा कि वीकेंड पर कारोबार बढ़ा है। सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से आने वाले दिनों में भी पर्यटन कारोबारियों और होटल मालिकों को फायदा होगा।