अनुबंध पर आने से छूट गए पीटीए शिक्षकों के मानदेय में सरकार ने बढ़ोतरी कर दी है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने मानदेय में बढ़ोतरी करने की अधिसूचना जारी कर दी है। पीटीए की ग्रांट को सरकार ने बढ़ा दिया है। पीटीए के तहत नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर कॉलेज कैडर को अब 26,100 रुपये का मासिक मानदेय मिलेगा।
पीजीटी को 17,650 रुपये, डीपीई और टीजीटी को 16,600 और सीएंडवी शिक्षकों को 15,900 रुपये का फिक्स मानदेय मिलेगा। पीटीए शिक्षक बीते काफी समय से मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। बीते माह हुई कैबिनेट की बैठक में पीटीए शिक्षकों को दी जाने वाली ग्रांट को बढ़ाने का फैसला लिया गया था।
अधिसूचना जारी होने से इन शिक्षकों को अब अनुबंध पर तैनात शिक्षकों के बराबर मानदेय मिलेगा। पीटीए शिक्षक सरकार से कंडीशनल कांट्रेक्ट की मांग कर रहे थे। राज्य सरकार ने इन्हें कंडीशनल कांट्रेक्ट पर लाने से हालांकि इंकार कर दिया था। इसके अलावा सरकार ने पीटीए शिक्षकों को 135 दिनों का मातृत्व अवकाश देने का निर्णय भी लिया है।