हिमाचल में पैकेट बंद दूध सप्लाई करने वाली कंपनियों ने दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। बुधवार से प्रदेश में बढ़ी हुई दरें लागू हो गई हैं। कंपनियों ने प्रति लीटर दूध के दाम दो रुपये बढ़ाए हैं।
प्रदेश में रोजाना औसतन ढाई लाख लीटर दूध की खपत होती है। अचानक बढ़ी इन कीमतों से ग्राहकों में रोष है। लोगों का कहना है कि बाहरी राज्यों से दूध सप्लाई करने वाली कंपनियां अचानक कीमतों में इजाफा कर देती है।
जिससे लोगों की जेब में चपत लगती है। उधर, राहत की बात यह है कि महज पैकेट बंद दूध की कीमतें बढ़ी हैं। पनीर, दही की कीमतों में कोई इजाफा नहीं हुआ है।
दूध के अलावा ब्रेड की कीमतें भी पांच रुपये तक बढ़ा दी गई है। जो व्हाइट ब्रेड पहले 20 की थी अब वह 25 की मिलेगी। जबकि 25 वाली ब्राउन ब्रेड 30 में मिलेगी।